भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है। 3 मैचों का नतीजा आ चुका है और मेजबान इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। इंग्लैंड ने जहां हेडिंग्ले और लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच में जीत दर्ज की। वहीं, टीम इंडिया को एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में जीत मिली। अब दोनों टीमें 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने वाले चौथे मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
मैनचेस्टर में जब टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेगी, तो उसकी निगाहें जीत के साथ सीरीज में बराबरी हासिल करने पर लगी होगी। अगर टीम इंडिया यहां इंग्लैंड को हराने में कामयाब हो जाती है, तो नया इतिहास बन जाएगा। दरअसल, भारतीय टीम मैनचेस्टर में आज तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाई है। ऐसे में गिल की युवा टीम के पास इतिहास रचने का मौका है।
35 साल से हो रहा शतक का इंतजार
यही नहीं, मैनचेस्टर में भारत की ओर से पिछले 35 साल से कोई भी बल्लेबाज टेस्ट शतक नहीं जड़ पाया है। आखिरी बार सचिन तेंदुलकर ने साल 1990 में यह कारनामा किया था। सचिन तेंदुलकर ने अगस्त 1990 में मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत की दूसरी पारी में शानदार 119 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस पारी में 17 चौके लगाए थे और 189 गेंदों का सामना किया था। तब से लेकर अब तक भारतीय बल्लेबाज यहां शतक नहीं जड़ सका है।
क्या इस बार होगा कमाल?
आपको जानकर हैरानी होगी कि भारत की ओर से आखिरी अर्धशतक भी यहां एमएस धोनी ने जड़ा था। उनके बल्ले से अगस्त 2014 में 71 रनों की पारी आई थी। लगभग 11 साल बीत चुके हैं और अब तक किसी भारतीय बल्लेबाज के बल्ले से मैनचेस्टर में अर्धशतक देखने को नहीं मिला है। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों की शानदार फॉर्म को देखते हुए इस बार इस सूखे के समाप्त होने की उम्मीद है।
टीम इंडिया के सामने मुश्किल चुनौती
मैनचेस्टर में भारतीय टीम के सामने करो या मरो की स्थिति है। अगर इंग्लैंड ये मैच भी जीत गया तो टीम इंडिया सीरीज से हाथ धो बैठेगी। वहीं, टीम इंडिया चौथा टेस्ट मैच अपने नाम करती है, तो फिर आखिरी और 5वां टेस्ट निर्णायक होगा। अब देखना दिलस्प होगा कि चौथे टेस्ट मैच का नतीजा किसके पक्ष में आता है।
Latest Cricket News