1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एक ही टेस्ट खेलकर टीम से बाहर हो गया ये खिलाड़ी, कप्तान को जरा भी नहीं आया रहम

एक ही टेस्ट खेलकर टीम से बाहर हो गया ये खिलाड़ी, कप्तान को जरा भी नहीं आया रहम

IND vs ENG: शुभमन गिल ने दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव कर दिए। एक ही टेस्ट खेलने वाले साई सुदर्शन को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

sai sudharsan- India TV Hindi
Image Source : GETTY साई सुदर्शन

India vs England: इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच हारने के बाद दूसरे ही मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर दिया। एक नहीं, तीन तीन खिलाड़ी कप्तान ने एक झटके में बदल दिए। इन तीन में से केवल एक जसप्रीत बुमराह ही ऐसे हैं, जिन्होंने अपने मन से रेस्ट लिया है, बाकी को खराब प्रदर्शन के कारण बाहर किया गया है। कप्तान ने उस खिलाड़ी को भी नहीं बख्शा, जिसने अभी अभी अपना टेस्ट डेब्यू किया है। उसे भी निकालकर बाहर कर दिया गया। 

बर्मिंघम टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव

शुभमन गिल ने बर्मिंघम टेस्ट के लिए टीम में तीन बदलाव किए। जसप्रीत ​बुमराह की जगह आकाशदीप को मौका दिया गया। वहीं शार्दुल ठाकुर की जगह नितीश कुमार रेड्डी को टीम में जगह दी गई है। इसके अलावा साई सुदर्शन की जगह वॉशिंगटन सुंदर को टीम में रखा गया है। हालांकि साई सुदर्शन ने पिछले मैच में नंबर तीन पर बल्लेबाजी की थी, वहां तो सुंदर बल्लेबाजी नहीं करेंगे, लेकिन वे कुछ ना कुछ रन बनाकर दे सकते हैं। 

डेब्यू टेस्ट में फ्लॉप रहे थे साई सुदर्शन

साई सुदर्शन ने तो इसी सीरीज के पहले मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, लेकिन पहले ही मैच में वे बुरी तरह से फ्लॉप रहे। जब भारत के पांच बल्लेबाजों ने शतक लगा दिए हों, तब साई से अर्धशतक भी नहीं लगा हो, यही उनके बाहर होने का कारण बन गया। यानी साई टीम की कमजोर कड़ी के रूप में देखे गए। 

डेब्यू पारी में ही शून्य पर आउट हुए थे साई

सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में तो साई अपन खाता तक नहीं खो पाए और शून्य पर आउट होकर चले गए। इसके बाद दूसरी पारी में वे केवल 30 रन बना पाए। इसके बाद उनका टीम से बाहर जाना पहले से ही तय माना जा रहा था। अब पहला मैच हारकर सीरीज में पीछे चल रही टीम इंडिया अगर दूसरा मैच भी हार गई तो फिर साई सुदर्शन की वापसी होना भी काफी मुश्किल नजर आ रहा है। यानी साई सुदर्शन पर किसी भी तरह के रहम की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अच्छा रहा है साई का प्रदर्शन

हालांकि प्रथम श्रेणी मैचों में साई सुदर्शन का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। लेकिन वे पहले टेस्ट में फेल रहे। प्रथम श्रेणी के 30 मैच खेलकर साई सुदर्शन ने अब तक 1987 रन बनाए हैं। उन्होंने सात शतक और 5 अर्धशतक लगाने का काम किया है। इस दौरान उनका औसत 55.10 का रहा है। अब देखना होगा कि साई वापस प्लेइंग इलेवन में कब आते हैं, फिलहाल तो उन्हें इंतजार करना होगा।

Latest Cricket News