1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तानी खिलाड़ी ने डक पर आउट होने के मामले में की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, लिस्ट में सीधे पहुंचे टॉप पर

पाकिस्तानी खिलाड़ी ने डक पर आउट होने के मामले में की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, लिस्ट में सीधे पहुंचे टॉप पर

PAK vs SA: पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में पाकिस्तानी टीम के ओपनिंग बल्लेबाज सैम अयूब ने अपने नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है।

Saim Ayub- India TV Hindi
Image Source : GETTY सैम अयूब

पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में साउथ अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 139 रनों का स्कोर बनाया है। इस मैच में जब मेजबान पाकिस्तानी टीम टारगेट का पीछा करने उतरी तो उन्हें ओपनिंग जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाज सैम अयूब इस मैच में 6 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसी के साथ सैम अयूब ने एक बड़े अनचाहे वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

सैम अयूब डक पर आउट होने के मामले अव्वल नंबर पर पहुंचे

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में जब सैम अयूब डक पर आउट हुए तो यह साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल में उनका 7वां डक था जब वह अपनी पारी में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल में एक साल में सबसे ज्यादा डक पर आउट होने के मामले में सैम अयूब संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें उनके साथ रवांडा टीम के जैपी बिमेनीमाना और ऑर्किड तुईसेंज का नाम भी है। ये दोनों ही खिलाड़ी साल 2023 में टी20 इंटरनेशनल में 7-7 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। वहीं सैम अयूब फुल मेंबर्स देशों के प्लेयर्स की लिस्ट में जरूर अब टॉप पर पहुंच गए हैं।

एक साल में सबसे ज्यादा बार टी20 इंटरनेशनल में डक पर आउट होने वाले खिलाड़ी

  • जैपी बिमेनीमाना (रवांडा) - 7 डक
  • ऑर्किड तुईसेंज (रवांडा) - 7 डक
  • सैम अयूब (पाकिस्तान) - 7 डक
  • मार्टिन अकायेज़ु (रवांडा) - 6 डक
  • केविन इराकोज(रवांडा) - 6 डक
  • लुवसानज़ुंडुई एर्डेनेबुलगन (मंगोलिया) - 6 डक
  • रिचर्ड नगारवा (जिम्बाब्वे) - 6 डक

सैम का साल 2025 में बल्ले से दिखा काफी खराब फॉर्म

पाकिस्तानी टीम के ओपनिंग बल्लेबाज सैम अयूब का साल 2025 में बल्ले से अब तक काफी खराब फॉर्म देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 24 मैचों की 24 पारियों में बल्लेबाजी की है और 20.13 के औसत से सिर्फ 463 रन ही बनाने में कामयाब हो सके हैं। इस दौरान सैम अयूब के बल्ले से 4 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं, जबकि वह 7 बार डक पर आउट हुए हैं।

Latest Cricket News