A
Hindi News खेल क्रिकेट CSK के 2 प्लेयर्स के बदले संजू सैमसन को ट्रेड कर सकती है राजस्थान रॉयल्स, तगड़ी डील के मिले आसार

CSK के 2 प्लेयर्स के बदले संजू सैमसन को ट्रेड कर सकती है राजस्थान रॉयल्स, तगड़ी डील के मिले आसार

आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले ही राजस्थान रॉयल्स की टीम संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स को दो स्टार ऑलराउंडर्स के साथ ट्रेड कर सकती है। संजू पहले ही टीम से रिलीज होने का संकेत दे चुके हैं।

sanju samson- India TV Hindi Image Source : PTI संजू सैमसन

आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है और यहां खेलकर कई स्टार प्लेयर्स ने अपना करियर बनाया है। आईपीएल में खेलने पर प्लेयर्स को पैसा और शोहरत दोनों ही मिलती हैं। इस बात की संभावना है कि आईपीएल 2026 का ऑक्शन दिसंबर में हो सकता है। लेकिन इससे पहले कई टीमें ट्रे़ड के दौरान अपने प्लेयर्स को बदल सकती हैं। ESPNक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान रॉयल्स ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करन के बदले विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स को सौंपने के लिए तैयार है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अभी तक इस बात की पुष्टि दोनों फ्रेंचाइजियों ने नहीं की है।

रवींद्र जडेजा CSK की रहे हैं अहम कड़ी

रवींद्र जडेजा और संजू सैमसन दोनों ने ही लंबे समय से अपनी-अपनी टीमों के लिए दमदार खेल दिखाया है। जडेजा साल 2012 से ही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का अहम हिस्सा रहे हैं और उन्होंने अपनी दमदार बल्लेबाजी और धाकड़ गेंदबाजी के दम पर टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकाला है। पिछले सीजन सीएसके की टीम ने उन्हें 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। वह चेन्नई की टीम के लिए तीन खिताबी जीत का अहम हिस्सा रहे हैं। 

आईपीएल 2023 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने गुजरात टाइटंस को आखिरी ओवर में हराकर खिताब जीता था। तब उन्होंने आखिरी ओवर में दमदार बल्लेबाजी की थी। उस सीजन उन्होंने कुल 20 विकेट भी हासिल किए थे। वहीं, आईपीएल 2025 में रवींद्र जडेजा ने 301 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे थे। जडेजा को बीच में कुछ समय के लिए कप्तान भी बनाया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी।

संजू सैमसन पहले ही दे चुके रिलीज होने का इशारा

दूसरी तरफ संजू सैमसन पहले ही इस बात का संकेत दे चुके थे कि वह राजस्थान रॉयल्स की टीम से रिलीज होना चाहते हैं। वह साल 2018 से लगातार राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए खेल रहे हैं। उन्हें 2021 में टीम का कप्तान बनाया गया था। फिर आईपीएल 2022 में उनकी कप्तानी में राजस्थान ने फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए 67 मैचों में कुल 33 मुकाबले जीते, जिसमें से 33 में हार का मुंह देखना पड़ा।

आईपीएल में संजू ने बनाए 4000 से ज्यादा रन

आईपीएल 2025 के लिए राजस्थान रॉयल्स की टीम ने उन्हें 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। तब वह साइड इंजरी की वजह से आईपीएल 2025 के दूसरे फेस से बाहर हो गए थे। इस सीजन राजस्थान की टीम अच्छा नहीं कर पाई थी और वह 9वें नंबर पर ही थी। संजू की गिनती आईपीएल के बेहतरीन प्लेयर्स में होती है। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 177 मैचों में कुल 4704 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे हैं।

Latest Cricket News