SA vs ZIM: साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में दूसरे दिन क्रिकेट प्रेमियों को एक खास लम्हा देखने को मिला। जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज सीन विलियम्स ने बुलावायो में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार शतक जड़ने का कारनामा किया। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का छठा सकैड़ा जड़ा। इस तरह वह टेस्ट क्रिकेट में 6 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले जिम्बाब्वे के महज चौथे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले एंडी फ्लावर, ग्रांट फ्लावर और ब्रेंडन टेलर ही ये कमाल कर पाए थे।
टेस्ट क्रिकेट में जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
- एंडी फ्लावर- 12
- ग्रांट फ्लावर- 6
- ब्रेंडन टेलर- 6
- सीन विलियम्स- 6
साल 2013 में किया डेब्यू
आपको जानकर हैरानी होगी सीन विलियम्स ने 12 साल पहले टेस्ट डेब्यू किया था और अब जाकर उन्होंने अपने 21वें टेस्ट मैच में यह खास उपलब्धि हासिल की। 38 साल के सीन विलियम्स डेब्यू के बाद से भले ही ज्यादा टेस्ट मैच न खेल पाए हो, लेकिन जब भी उन्हें मौके मिले हैं, तो उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है। इस मैच में भी जब जिम्बाब्वे की टीम मुश्किल में थी, तब सीन ने मोर्चा संभालते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की टीम के खाते में बहुमूल्य रन जोड़े।
उन्होंने धैर्यपूर्ण शुरुआत की और फिर अपनी पारी को तेजी दी। अपनी पारी के दौरान उन्होंने बेहतरीन स्ट्रोक्स खेले और अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों को काफी परेशान किया। सीन विलियम्स ने 164 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौकों की मदद से 137 रनों की पारी खेली। वह केशव महाराज का शिकार बने, जिन्होंने इसी मैच में अपने 200 टेस्ट विकेट पूरे किए।
सीन विलियम्स ने 2013 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद चोट, टीम चयन और सीमित मौकों के चलते उनका करियर रुक-रुक कर ही आगे बढ़ा। लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। आखिरकार 2025 में अपने 21वें टेस्ट मैच में उन्होंने करियर का छठा शतक जड़कर अपने धैर्य और मेहनत का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।
पहली पारी 251 रनों पर सिमटी
सीन विलियम्स जिम्बाब्वे की ओर से पहली पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके अलावा किसी भी बल्लेबाज ने टिकने की जहमत नहीं उठाई। कप्तान क्रेग एर्विन भी सिर्फ 36 रन बना सके। टीम के तीन बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके। इस तरह जिम्बाब्वे की पहली पारी 251 रनों पर ढेर हो गई। साउथ अफ्रीका की ओर से वियान मुल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। केशव महाराज और कोडी यूसुफ ने 3-3 विकेट झटके।
Latest Cricket News