शे होप का तूफानी शतक, संकट की घड़ी में ठोकी 17 बाउंड्री, लारा की कर ली बराबरी; अब सिर्फ गेल आगे
WI vs NZ, 2nd ODI: वेस्टइंड़ीज के कप्तान शे होप ने बल्ले से कमाल कर दिया है। न्यूजीलैंड की धरती पर होप ने तूफानी शतक जड़ते हुए ब्रायन लारा की बराबरी कर ली है।

Shai Hope: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर है। 5 मैचों की T20I सीरीज के बाद दोनों टीमें ODI सीरीज में आमने-सामने हैं। पहला ODI न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से अपने नाम किया था। अब नैपियर में दूसरे ODI मैच खेला जा रहा है, जिसका बारिश के कारण काफी देर से आगाज हुआ। बारिश की वजह से ओवर्स में भारी कटौती की गई और मैच 34-34 ओवर का कर दिया गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। टीम के 5 बल्लेबाज 16वें ओवर में 86 रन के भीतर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज शे होप ने मोर्चा संभाला और धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक ठोक दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका ये पहला ODI शतक है। आपको जानकर हैरानी होगी कि वह 12 अलग-अलग देशों के खिलाफ ODI शतक जड़ चुके हैं।
ब्रायन लारा के बराबर पहुंचे होप
शे होप ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। नतीजा ये हुआ कि उन्होंने 66 गेंदों पर शतक ठोकने का कमाल कर दिया। शे होप ने आखिरी ओवर में छक्के से अपने ODI करियर का 19वां शतक जड़ा। इस तरह उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा की बराबरी कर ली। वेस्टइंडीज की ओर से ODI में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में अब शे होप और ब्रायन लारा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। एक और शतक जड़ते ही होप दिग्गज लारा को पछाड़कर दूसरे सबसे ज्यादा ODI सैकड़ा जड़ने वाले कैरेबियाई बल्लेबाज बन जाएंगे।
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के लिए ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पहले पायदान पर क्रिस गेल हैं। गेल ने 25 शतक ODI क्रिकेट में जड़े हैं। गेल का रिकॉर्ड धवस्त करने के लिए होप को अभी 7 शतक और जड़ने होंगे।
वेस्टइंडीज के लिए ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल - 25
- शे होप - 19
- ब्रायन लारा - 19
- डेसमंड हेन्स - 17
- गॉर्डन ग्रीनिज - 11
- विवियन रिचर्ड्स - 11
- शिवनारायण चंद्रपॉल - 11
होप ने लगाई 17 बाउंड्री
शे होप ने 13 चौके और 4 छक्कों की मदद से 69 गेंदों पर 109 रनों की पारी खेली और नाबाद लौटे। होप कीइस शानदार शतकीय पारी के दम पर वेस्टइंडीज 34 ओवर में 9 विकेट खोकर 247 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही।
यह भी पढ़ें
शे होप ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, वेस्टइंडीज के ऐसा करने वाले बने दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी