हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीत लिया। फाइनल में साउथ अफ्रीका को भारत ने 52 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ भारत ने पहली बार ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। भारतीय टीम के लिए दीप्ति शर्मा, शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन अब वर्ल्ड कप जीतने के बाद हरमनप्रीत को भारत की पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी ने कप्तानी छोड़ने की सलाह दी है।
शांता रंगास्वामी ने दे दी अजीब सलाह
शांता रंगास्वामी ने कहा कि हरमनप्रीत कौर एक बेहतरीन बल्लेबाज और दमदार फील्डर हैं। लेकिन रणनीतिक रूप से, वह कभी-कभी लड़खड़ा सकती हैं। मुझे लगता है कि अगर उन पर कप्तानी का बोझ न हो तो वह और अधिक योगदान दे सकती हैं। भारतीय क्रिकेट और हरमन के अपने हित में, मुझे लगता है कि वह कप्तानी के बोझ के बिना एक बल्लेबाज के रूप में और अधिक योगदान दे सकती हैं। इसके अलावा स्मृति मंधाना को सभी फॉर्मेट में कप्तान बनाया जाना चाहिए।
रंगास्वामी ने रोहित का दिया उदाहरण
रंगास्वामी ने रोहित शर्मा का भी हवाला दिया। जिनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता था। लेकिन इसके बाद बीसीसीआई ने उनकी जगह युवा शुभमन गिल को कप्तान बना दिया। उन्होंने कहा कि हमारे जमाने में बल्लेबाजी कमज़ोर कड़ी हुआ करती थी। अब बल्लेबाजी तो स्थिर हो गई है, लेकिन गेंदबाजी चिंता का विषय है। फील्डिंग भी काफी बेहतर हो सकता है।
शेफाली को मिला प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड
साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए। टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों प्लेयर्स ने पहले विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की और बड़े स्कोर की नींव रख दी। शेफाली ने 87 रन बनाए। वहीं अंत में दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम बड़े स्कोर तक पहुंच पाई। बाद में इन दोनों ने गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया। दीप्ति ने कुल पांच विकेट हासिल किए और शेफाली ने 2 विकेट चटकाए। अच्छे खेल के लिए शेफाली को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला।
यह भी पढ़ें:
राहुल द्रविड़ के बेटे के क्रिकेट में बढ़ते कदम, अब इस टूर्नामेंट के लिए मिल गई जगह
शेफाली वर्मा को मिल गई कप्तानी की जिम्मेदारी, स्क्वाड का ऐलान; इन प्लेयर्स की हुई एंट्री
Latest Cricket News