1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. राजस्थान रॉयल्स के इस खिलाड़ी के आउट होने पर क्यों मचा बवाल, क्या मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अंपायर्स भूल गए नियम?

राजस्थान रॉयल्स के इस खिलाड़ी के आउट होने पर क्यों मचा बवाल, क्या मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अंपायर्स भूल गए नियम?

MI vs RR: मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में एक ऐसी घटना देखने को मिली जिसको लेकर फील्ड अंपायर के फैसले पर उंगली उठ रही है।

Shubham Dubey And Shardul Thakur- India TV Hindi
Image Source : PTI/AP शुभम दुबे और शार्दुल ठाकुर

आईपीएल 2026 सीजन के 69वें लीग मुकाबले जो मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया उसमें उस समय बड़ा बवाल देखने को मिला जब शार्दुल ठाकुर की गेंद पर राजस्थान रॉयल्स टीम के बल्लेबाज शुभम दुबे आउट हुए। इस मैच को राजस्थान रॉयल्स की टीम 30 रनों से अपने नाम करते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह को पक्का करने में कामयाब तो रही लेकिन शुभम दुबे का विकेट जरूर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें फील्ड अंपायर के फैसले को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

रन-अप के दौरान शार्दुल का गिर गया था तौलिया

राजस्थान रॉयल्स की टीम इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही थी, जिसमें पारी के 18वें ओवर की चौथी गेंद जो शार्दुल ठाकुर ने फेंकी थी उस पर शुभम दुबे ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया। हालांकि वह शार्दुल की इस धीमी गेंद को पढ़ने में गलती कर गए जिसमें उनका कैच मिड विकेट पर नमन धीर ने पकड़ लिया और वह कैच आउट हो गए। इसी दौरान जब वह पवेलियन लौट रहे थे तो रिप्ले दिखाया गया तो उसमें शार्दुल के गेंद फेंकते समय उनकी तौलिया गिर गई थी। ऐसे में इस गेंद को नियम के अनुसार डेड करार देना चाहिए था। राजस्थान रॉयल्स टीम के हेड कोच कुमार संगकारा ने शुभम दुबे को बाउंड्री लाइन पर रोकने के साथ थर्ड अंपायर से इसको लेकर बात की लेकिन अंत में उन्हें आउट करार दिया गया जिससे वह काफी खफा भी नजर आए।

क्या कहता है तौलिया गिरने पर नियम?

शुभम दुबे को आउट करार देने के पीछे अंपायर्स ने ये माना कि उनका तौलिया गिरने की वजह से ध्यान नहीं भंग हुआ था और उन्होंने पूरी ताकत से शॉट खेला जिसके चलते गेंद को डेड करार नहीं दिया जा सकता। वहीं क्रिकेट नियमों के अनुसार देखा जाए तो उसमें यदि गेंदबाज के बॉलिंग करते समय उसकी तौलिया या अन्य कोई चीज गिरती है जिससे बल्लेबाज का ध्यान भटकता है तो इस स्थिति में गेंद को डेड बॉल करार दे दिया जाएगा। ऐसा मैदान पर पहले भी कुछ मैचों में देखने को मिला है। हालांकि इस नियम में बॉल को डेड दिए जाने का पूरा अधिकार फील्ड अंपायर के पास होता है, जिसमें उनका ही फैसला अंतिम माना जाता है।

ये भी पढ़ें

9 चौके-15 छक्के, रवांडा के बल्लेबाज ने मचाया कोहराम, जड़ दिया T20I का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

IPL 2026: प्लेऑफ के लिए चौथी टीम का भी हुआ फैसला, SRH का राजस्थान रॉयल्स से होगा एलिमिनेटर में सामना

Latest Cricket News