IND vs AUS: लकी चार्म में नहीं आया काम, विराट कोहली की बराबरी पर रुके सूर्यकुमार यादव
IND vs AUS: भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच हारकर अब सीरीज में पीछे हो गई है। अगला मुकाबला 2 नवंबर को खेला जाएगा।

India vs Australia 2nd T20i Match: भारतीय क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में चार विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया ने सीरीज के पहले मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करके दिखाई थी, लेकिन वो मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया। इस बीच भारतीय टीम के लिए पिछले कई मैचों से लकी चार्म बना खिलाड़ी भी इस बार नाकाम रहा और कप्तान सूर्यकुमार यादव के कदम भी विराट कोहली की बराबरी पर आकर रुक गए।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में जारी जीत का सिलसिला थमा
बात पहले करते हैं कप्तान सूर्यकुमार यादव की। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया की जीत क जो सिलसिला चल रहा था, वो अब जाकर थम गया है। एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया ने ही भारतीय टीम के विजय रथ को रोक दिया है। सूर्यकुमार यादव लगातार 9 मैच जीतकर यहां आए थे, लेकिन यहां उन्हें रुकना पड़ा। इससे आगे वे नहीं जा पाए। साल 2019 से लेकर 2020 तक जब विराट कोहली भारतीय टीम के कप्तान थे, तब वे भी लगातार 9 मैच जीतने में सफल रहे थे। हालांकि इस मामले में रोहित शर्मा पहले नंबर पर हैं। रोहित शर्मा ने साल 2019 से लेकर 2022 तक लगातार अपनी कप्तानी में 14 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते थे। इसके बाद साल 2024 में भी टीम ने लगातार 11 मैच अपने नाम किए थे। सूर्यकुमार यादव ने इससे पहले साल 2023 से लेकर 2024 तक आठ टी20 मैच जीते थे।
शिवम दुबे को देखनी पड़ी टीम इंडिया की हार
अब बात लकी चार्म शिवम दुबे की। शिवम दुबे ने साल 2019 से लेकर अब तक कोई भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं हारा था, लेकिन अब उनका भी ना हारने का सिलसिला थम गया है। इस दौरान शिवम दुबे ने कुल 37 मुकाबले खेले। इसमें से ज्यादातर में जीत हासिल हुई और कुछ मैच नो रिजल्ट रहे, यानी पूरे नहीं हो पाए। लेकिन इसमें से हार कभी नहीं मिली थी। इस बार जब वे टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे, इसके बाद भी टीम इंडिया को हार का मुंह देखना पड़ा।
पहली पारी में ही पीछे रह गई भारतीय टीम
मुकाबले की बात की जाए तो पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 18.4 ओवर में केवल 125 ही रन बनाए थे। यानी टीम इंडिया अपने कोटे के पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। इस दौरान अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ही रन बना पाए, बाकी टीम बुरी तरह से फ्लॉप रही। अभिषेक ने 37 बॉल पर 68 रन बनाए। वहीं हर्षित राणा ने 33 बॉल पर 35 रनों की अहम पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया ने 13.2 ओवर में छह विकेट खोकर 126 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अब सीरीज का अगला मुकाबला 2 नवंबर को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
ICC Rankings: टीम इंडिया की कुर्सी पर मंडराया खतरा, दूसरा मैच हारते ही बदली रेटिंग
3 विकेट लेकर जोश हेजलवुड ने हासिल किया बड़ा मुकाम, इस मामले में कर ली मिचेल स्टार्क की बराबरी