1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शोएब अख्तर ने भारतीय गेंदबाजों का उड़ाया मजाक, कहा- वे मैल्कम मार्शल नहीं हैं

शोएब अख्तर ने भारतीय गेंदबाजों का उड़ाया मजाक, कहा- वे मैल्कम मार्शल नहीं हैं

T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से बड़ी हार मिली। इस हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का बड़ा बयान आया है।

IND vs SA- India TV Hindi
Image Source : AFP हार्दिक पांड्या और शोएब अख्तर

T20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय टीम की करारी शिकस्त के बाद क्रिकेट जगत में हर कोई भारतीय टीम की बात कर रहा है। अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 76 रनों से हराया। टीम इंडिया की इस हार से कई दिग्गज हैरान हैं। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने टीम इंडिया की गेंदबाजी पर तीखा हमला बोला है। उनका मानना है कि इस मैच ने भारतीय गेंदबाजी की कमजोर कड़ी को पूरी तरह उजागर कर दिया।

हार्दिक और शिवम ने लुटाए रन

साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए, जिसमें भारत के दो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने 6 ओवर में कुल 77 रन लुटा दिए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया। पाकिस्तान ने दोनों गेंदबाजों का मजाक उड़ाते हुए कहा कि दोनों में ही महान तेज गेंदबाज मैल्कम मार्शल जैसा खौफ नहीं था और साउथ अफ्रीका के खिलाफ बाद के ओवरों में उन्हें रोकना महंगा साबित हुआ।

अख्तर ने निशाना साधते हुए कहा कि वे 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे। ऐसा नहीं है कि वे मैल्कम मार्शल हैं, जो साउथ अफ्रीका जैसी बैटिंग लाइन-अप को डरा सके। अख्तर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर ऐसे गेंदबाजों को डेथ ओवरों में इस्तेमाल किया जाएगा, तो साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप पलटवार जरूर करेगी। 

कुलदीप यादव मैच-विनर 

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय गेंदबाजी का ट्रम्प कार्ड माने जाने वाले वरुण चक्रवर्ती भी इस मुकाबले में बेअसर रहे। वरुण ने 4 ओवर में 47 रन खर्च किए और उनकी रफ्तार भी सामान्य से कम नजर आई।उन्होंने कहा कि भारतीय बॉलिंग की पोल खुल गई है। अगर आप वरुण को देखें, जिनकी ताकत 97-98 kmph की स्पीड से बॉलिंग करना है, तो वह 94 kmph की स्पीड से बॉलिंग कर रहे थे। और जब वह अटैक पर आए, तो डेवाल्ड ब्रेविस ने उन्हें बिना देखे छक्का मारा।

अख्तर का मानना है कि टीम संतुलन में कमी साफ दिखी। उन्होंने अगले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ कुलदीप यादव को शामिल करने की सलाह दी। उनके मुताबिक कुलदीप बल्लेबाजों को छकाने की काबिलियत रखते हैं और मुश्किल समय में विकेट निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुलदीप यादव की कमी खल रही है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो हवा में बल्लेबाजों को धोखा दे सकते हैं और जरूरत पड़ने पर विकेट ले सकते हैं। वह एक मैच-विनर हैं।

जिम्बाब्वे से भारत का अगला मुकाबला

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वरुण और वाशिंगटन सुंदर की गेंदबाजी में काफी समानता है, जिससे टीम को विविधता की कमी महसूस हुई। अख्तर के इस बड़े बयान के बाद अब सवाल यह है कि क्या भारतीय टीम मैनेजमेंट अगले मैच के लिए अपनी रणनीति में बदलाव करेगा या फिर इसी कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरेगा। गौरतलब है कि भारतीय टीम सुपर-8 में अपना अगला मुकाबला जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में 26 फरवरी को खेलने उतरेगी।

यह भी पढ़ें:

T20 World Cup: क्या कोलकाता से छिन जाएगी सेमीफाइनल की मेजबानी? फैंस के सामने खड़ी हुई बड़ी परेशानी

वानखेड़े में आया शिमरन हेटमायर का तूफान, 19 गेंदों में ठोक दी फिफ्टी, तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

Latest Cricket News