1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: श्रेयंका पाटिल ने हवा में उड़कर पकड़ा हैरतअंगेज कैच, VIDEO सोशल मीडिया पर मचा रहा सनसनी

IND vs PAK: श्रेयंका पाटिल ने हवा में उड़कर पकड़ा हैरतअंगेज कैच, VIDEO सोशल मीडिया पर मचा रहा सनसनी

भारत ने ICC वूमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। मैच में स्मृति मंधाना ने 68 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी तहस-नहस कर दी।

Shreyanka Patil- India TV Hindi
Image Source : BCCI WOMEN श्रेयंका पाटिल

Shreyanka Patil Catch: भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में खेल का रोमांच अपने चरम पर होता है। इस दौरान कोई न कोई ऐसा पल सामने आ ही जाता है, जिसे फैंस लंबे समय तक याद रखते हैं। ICC वूमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 में एजबेस्टन के मैदान पर खेले गए भारतब बनाम पाकिस्तान मैच में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब भारतीय खिलाड़ी श्रेयंका पाटिल ने हवा में उड़ते हुए ऐसा कैच पकड़ा कि पूरा स्टेडियम हैरान रह गया। भारत की जीत के बीच श्रेयंका का यह शानदार कैच अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया। ICC ने अपने ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट पर इस शानदार कैच का वीडियो शेयर किया है।

श्रेयंका ने पकड़ा मैच का सबसे शानदार कैच

दरअसल, पाकिस्तान की पारी के 15वें ओवर में  स्पिनर श्री चरणी गेंदबाजी कर रही थीं। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर थोड़ी फ्लाइटेड रखी। इस गेंद पर रमीं शमीम आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने गईं, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में चली गई। इस दौरान वहां खड़ी श्रेयंका पाटिल ने बिजली जैसी तेजी दिखाई। उन्होंने अपनी नजर गेंद पर टिकाए रखी और फिर पूरी तरह हवा में डाइव लगाते हुए शानदार लो कैच लपक लिया। यह कैच इतना मुश्किल था कि कुछ सेकंड के लिए पाकिस्तानी बल्लेबाज भी यकीन नहीं कर पाईं कि गेंद जमीन छुए बिना पकड़ी जा चुकी है। श्रेयंका के इस कैच के बाद पाकिस्तान का स्कोर 91/7 हो गया और मैच पूरी तरह भारत की पकड़ में चला गया।

मंधाना और दीप्ति ने दिलाई बड़ी जीत

इससे पहले भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 170/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की अहम साझेदारी की। हरमनप्रीत ने 36 रन बनाए, जबकि आखिर में ऋचा घोष ने 17 गेंदों में 34 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की थी और पावरप्ले तक 52/1 बना लिए थे। मुनीबा अली ने 41 रन बनाए, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पूरी तरह पलट दिया। दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट झटके। श्री चरणी ने भी तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। पूरी पाकिस्तानी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई और भारत ने 64 रन से शानदार जीत दर्ज की।

Latest Cricket News