1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रेयस अय्यर ने चकनाचूर किया एमएस धोनी का बड़ा कीर्तिमान, T20 में कप्तानी के मामले में बने नंबर-1

श्रेयस अय्यर ने चकनाचूर किया एमएस धोनी का बड़ा कीर्तिमान, T20 में कप्तानी के मामले में बने नंबर-1

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने T20 क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड बनाते हुए महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। इंदौर में खेले गए तीसरे T20I मैच में कप्तान अय्यर ने ये बड़ा कारनामा किया।

Shreys Iyer- India TV Hindi
Image Source : AFP श्रेयस अय्यर

T20 क्रिकेट में बड़े स्कोर बनाना और टीम को लगातार आक्रामक अंदाज में खेलने के लिए तैयार करना आसान नहीं होता। लेकिन श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया के बल्लेबाज खुलकर खेल रहे हैं और लगातार रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा रहे हैं। यही वजह है कि श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसमें उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज कप्तान को भी पीछे छोड़ दिया है। 

दरअसल, श्रेयस अय्यर अब T20 क्रिकेट के इतिहास में अपनी कप्तानी में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे अधिक रन बनाने वाली टीमों के कप्तानों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अब तक 37 बार टीमें T20 मुकाबलों में 200 रन या उससे अधिक का स्कोर बना चुकी हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है, जिनकी कप्तानी में 36 बार ऐसा हुआ था। खास बात यह है कि अय्यर ने यह उपलब्धि धोनी के मुकाबले काफी कम मैचों में हासिल की है। इस खास लिस्ट में विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं। फाफ डुप्लेसी चौथे और रोहित शर्मा 5वें स्थान पर हैं।

T20 कप्तानी में सबसे ज्यादा 200+ स्कोर

  • 37 बार - श्रेयस अय्यर (133 मैच)
  • 36 बार - एमएस धोनी (331 मैच)
  • 29 बार - विराट कोहली (193 मैच)
  • 27 बार - फाफ डु प्लेसी (235 मैच)
  • 25 बार - रोहित शर्मा (225 मैच)

जीत के साथ भारत ने बनाई बढ़त

यह रिकॉर्ड ऐसे समय चर्चा में आया है, जब भारत ने इंदौर में वेस्टइंडीज को तीसरे T20I मुकाबले में 14 रन से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों पर 69 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और पांच छक्के लगाए। ईशान किशन ने भी 37 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने अहम भूमिका निभाई और तीन विकेट लेकर वेस्टइंडीज लक्ष्य से पहले पहले ही रोक दिया। भारतीय टीम ने अंत में 14 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ें:

CSK में फ्लेमिंग के साथी रहे एरिक सिमंस की इंग्लैंड की टेस्ट टीम में होने जा रही एंट्री, बनेंगे बॉलिंग कोच

अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हुए तिलक वर्मा, चौका समझकर रुक गए थे दोनों बल्लेबाज, देखें VIDEO

Latest Cricket News