India vs New Zealand: भारतीय टीम अगले साल की शुरुआत में ही तीन वनडे मैच खेलेगी। इसके बाद पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद टीम इंडिया टी20 विश्व कप के लिए मैदान में उतर जाएगी। टी20 सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है, लेकिन वनडे के लिए अभी होना बाकी है। इस बीच टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी श्रेयस अय्यर भारतीय टीम में वापसी के लिए तैयारी कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे श्रेयस अय्यर
टीम इंडिया ने जब अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैच खेल रही थी, तब श्रेयस अय्यर उस टीम का हिस्सा हुआ करते थे। सीरीज के पहले दो मैचों में श्रेयस ने बल्लेबाजी की और एक अर्धशतक भी जमाया, लेकिन उसके बाद वे चोटिल हो गए। काफी वक्त तक ऑस्ट्रेलिया में ही उनका इलाज चला और अब वे काफी हद तक ठीक हो गए हैं। अक्टूबर से लेकर अब तक श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया के लिए कोई भी मैच नहीं खेला है।
11 जनवरी से खेली जाएगी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज
अब 11 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है। इसके लिए अभी तक टीम इंडिया का ऐलान नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि दो से चार दिन के भीतर टीम घोषित कर दी जाएगी। अगर श्रेयस फिट हुए तो उनकी वापसी टीम इंडिया में हो सकती है। वे भारत के एक भरोसेमंद खिलाड़ियों में से हैं, जो जरूरत पड़ने पर टीम के लिए रन बनाकर देते हैं।
अब तक ऐसा रहा है श्रेयस का रिकॉर्ड
श्रेयस अय्यर ने अब तक भारत के लिए 73 वनडे मैच खेलकर 2917 रन बनाने का काम किया है। उन्होंने पांच शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं। वे भारत के लिए 14 टेस्ट मैच भी खेल चुके हैं। उनके नाम 51 टी20 इंटनेशनल मैच हैं, जिसमें उन्होंने आठ अर्धशतक लगाए हैं। अब जब भी श्रेयस अय्यर की वापसी होगी तो देखना होगा कि वे किस तरह के फार्म में वापसी करते हैं। उम्मीद है कि भारतीय टीम में वापसी से पहले श्रेयस अय्यर विजय हजारे ट्रॉफी में कुछ मुकाबले खेल सकते हैं, ताकि पता चल सके कि वे मैच फिट हैं कि नहीं।
यह भी पढ़ें
टी20 वर्ल्ड कप से पहले इस टीम के खिलाफ खेलेगा पाकिस्तान, ये है सीरीज का शेड्यूल
Virat Kohli: दो डक के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा, विराट कोहली का नया अवतार
Latest Cricket News