अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया। दोनों ने मिलकर इस मैच में पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 133 रन जोड़े। अभिषेक और वैभव की इस जबरदस्त बल्लेबाजी को देखने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर खुद हैरान हो गए। इस बात का खुलासा उन्होंने तीसरे टी20 के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में किया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 199 रन के टारगेट को 13.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
अभिषेक और वैभव की बल्लेबाजी को देख हैरान हुए श्रेयस अय्यर
मैच के बाद बात करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर ने भारतीय बल्लेबाजों के इस शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से खिलाड़ियों ने शॉट खेले, वह आंखों को सुकून देने वाले और पूरी तरह हैरान करने वाले थे। अय्यर ने माना कि जब वो और संजू बैटिंग करने उतरे थे, तो गेंद सीम हो रही थी, जिसे देखकर वह खुद सोच में पड़ गए थे कि आखिर ओपनर्स ने इस पर इतनी आसानी से रन कैसे बना लिए। इंटरनेशनल लेवल पर सिर्फ 5 ओवरों में 100 रन बनते हुए उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी नहीं देखा था।
न्यूजीलैंड की रन गति को रोकने के लिए श्रेयस अय्यर ने बनाया था प्लान
विदेशी दौरों की मुश्किल परिस्थितियों और अलग तरह की गेंदों का सामना करने के बारे में बात करते हुए अय्यर ने कहा कि टीम के खिलाड़ियों ने जेट लैग के बावजूद जिस तरह खुद को हालात के मुताबिक ढाला, उसकी जितनी तारीफ की जाए वो कम है। उन्होंने यह भी बताया कि 10 ओवर के बाद जब उनके गेंदबाजों की गेंदों पर छक्के लग रहे थे, तो उन्होंने गेंदबाजों से लगातार यार्कर फेंकने और वाइड यार्कर का इस्तेमाल करने को कहा, जिससे रन गति पर लगाम लगी और वे न्यूजीलैंड को 200 रन के अंदर रोकने में कामयाब रहे।
टीम इंडिया ने हासिल की 3-0 की बढ़त
वेलिंग्टन में तीसरा टी20 मैच जीतकर भारत इस सीरीज में 3-0 की बढ़त हासिल कर चुका है। इससे पहले सीरीज के दोनों मुकाबले क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल स्टेडियम में खेले गए थे। दोनों मैचों में टीम इंडिया ने 4-4 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब यहां से टीम इंडिया की नजरें अगले दोनों मैच जीतकर क्लीन स्वीप करना की होगी। न्यूजीलैंड की टीम के लिए यहां से वापसी करना अब बेहद मुश्किल होने वाला है।.
यह भी पढ़ें
वेलिंग्टन के मैदान पर आई अभिषेक शर्मा की आंधी, 11 छक्के ठोककर वैभव सूर्यवंशी और क्रिस गेल को छोड़ा पीछे
भारत ने न्यूजीलैंड को तीसरे टी20 में रौंदा, 80 गेंदों में हासिल किया 199 रन का टारगेट, अभिषेक ने जड़ा तूफानी शतक
Latest Cricket News