A
Hindi News खेल क्रिकेट सिडनी वनडे के बाद टीम इंडिया के लिए आई बुरी खबर, चोट के चलते श्रेयस अय्यर इतने समय तक रह सकते हैं बाहर

सिडनी वनडे के बाद टीम इंडिया के लिए आई बुरी खबर, चोट के चलते श्रेयस अय्यर इतने समय तक रह सकते हैं बाहर

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे मैच को टीम इंडिया 9 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब तो रही लेकिन उपकप्तान श्रेयस अय्यर इस मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय बुरी तरह चोटिल हो गए थे।

Shreyas Iyer- India TV Hindi Image Source : AP श्रेयस अय्यर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया जिसमें टीम इंडिया ने पिछली 2 हार के सिलसिले को खत्म करने के साथ इस मुकाबले को एकतरफा 9 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें उन्होंने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान ऑस्ट्रेलिया की पारी को 46.4 ओवर्स में 236 रनों पर समेट दिया था। वहीं इस मैच के दौरान टीम इंडिया के उपकप्तान श्रेयस अय्यर फील्डिंग के दौरान काफी बुरी तरह से चोटिल हो गए थे, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी का कैच पकड़ा था, जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे।

श्रेयस अय्यर कम से कम तीन हफ्ते तक रह सकते हैं बाहर

सिडनी वनडे मैच में जब श्रेयस अय्यर को चोट लगी तो उसके बाद बीसीसीआई की तरफ से उनकी इंजरी को लेकर अपडेट दिया गया जिसमें बताया गया कि उन्हें पसली में झटका लगा है और उन्हें स्कैन के लिए लेकर जाया गया है। वहीं अब समाचार एजेंसी पीटीआई को बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर दिए अपने बयान में बताया कि पसली में लगे झटके के बाद शुरुआती जांच के अनुसार उन्हें कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रहना होगा। वापसी पर उन्हें ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिपोर्ट करना होगा। यह तय करने से पहले कि उन्हें ठीक होने में और समय लगेगा या नहीं, आगे की रिपोर्ट का इंतजार है। अगर यह हेयरलाइन फ्रैक्चर है तो इसमें ज्यादा समय लग सकता है।

साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज से पहले क्या फिट हो पाएंगे अय्यर

टीम इंडिया को अब अगली वनडे सीरीज नवंबर महीने के आखिर में खेलनी है जो घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगी। ऐसे में उस सीरीज से पहले श्रेयस अय्यर पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं इसको लेकर बीसीसीआई सूत्र से जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसके जवाब में कहा कि अभी इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। बता दें कि अय्यर को शुरुआती 2 वनडे मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला था, जिसमें वह पहले मैच में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए थे तो वहीं दूसरे मैच में उनके बल्ले से 61 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली थी।

ये भी पढ़ें

रोहित-कोहली क्या विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे या नहीं? सिडनी वनडे के बाद कप्तान गिल के जवाब से हुआ सब साफ

विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, सिडनी वनडे में खेली ऐतिहासिक पारी

Latest Cricket News