1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहली बार टीम इंडिया के लिए एक साथ नजर आएगी ये जोड़ी, 7 साल पुरानी है दोस्ती

पहली बार टीम इंडिया के लिए एक साथ नजर आएगी ये जोड़ी, 7 साल पुरानी है दोस्ती

अभी तक की संभावनाओं पर नजर डालें तो पता चलता है कि एशिया कप में टीम इंडिया के लिए सलामी बल्लेबाज की भूमिका अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल निभाते हुए नजर आएंगे।

abhishek sharma- India TV Hindi
Image Source : PTI अभिषेक शर्मा

एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया जा चुका है। अब जल्द ही तैयारियों का दौर शुरू होगा और इसके बाद टीम दुबई के लिए रवाना होगी, जहां एशिया कप के मैच टीम इंडिया खेलेगी। इस बीच टीम के ऐलान के साथ ही ये भी तय हो गया है कि पहली बार एक जोड़ी टीम इंडिया के लिए खेलते हुए दिखाई देगी। हालांकि इन दोनों की दोस्ती अब से करीब सात साल पुरानी है, जब ये दोनों खिलाड़ी अंडर 19 में साथ साथ खेल रहे ​थे। 

शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की जोड़ी करेगी टीम इंडिया के लिए ओपनिंग

टीम इंडिया के ऐलान के साथ ही ये भी करीब करीब तय हो गया है कि टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया को नई सलामी जोड़ी मिलने जा रही है। वैसे तो अभी नहीं पता कि एशिया कप में भारत की ओपनिंग जोड़ी क्या होगी, लेकिन माना जा रहा है कि अभिषेक शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी का आगाज करेंगे। अगर ऐसा हुआ तो ये पहली बार होगा, जब टीम इंडिया के लिए शुभमन और अभिषेक साथ साथ खेलेंगे। इससे पहले ये दोनों खिलाड़ी अंडर 19 वर्ल्ड कप में साथ साथ नजर आए​ थे। भले ही ये जोड़ी सीनियर टीम इंडिया के लिए पहली बार दिखाई दे, लेकिन इनकी दोस्ती अब से करीब सात साल पुरानी है। 

युवराज सिंह ने की है गिल और शर्मा पर काफी मेहनत

बड़ी और अहम बात ये भी है कि बात चाहे अभिषेक शर्मा की हो या फिर शुभमन गिल की। दोनों को यहां तक पहुंचने में भारतीय टीम के पूर्व खब्बू बल्लेबाज युवराज सिंह का बड़ा योगदान रहा है। शुभमन और अभिषेक दोनों के प्रदर्शन को लेकर अक्सर युवराज सिंह सोशल मीडिया पर कुछ ना कुछ लिखते रहे हैं। ये बात और है कि वे तारीफ कम करते हैं, आलोचना ज्यादा करते रहते हैं। 

दो दोस्तों की आपसी समझ की भी होगी परख

वैसे तो बात चाहे शुभमन गिल की हो या फिर अभिषेक शर्मा की। दोनों ने टीम इंडिया के लिए काफी मुकाबले खेले हैं, लेकिन जब ये जोड़ी एशिया कप में पहली बार ओपनिंग के लिए उतरेगी, तब देखना होगा कि उनका प्रदर्शन कैसा रहता है। जहां एक ओर अभिषेक शर्मा आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, वहीं शुभमन गिल परिस्थितियों के हिसाब से संभलकर बल्लेबाजी करते हैं। इन दो पुराने दोस्तों की आपसी समझ की भी परख होगी। 

Latest Cricket News