A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जीत के बाद गदगद हुए कप्तान गिल, इस खिलाड़ी की तारीफ में खोला दिल, बुमराह के लिए कही ये बात

जीत के बाद गदगद हुए कप्तान गिल, इस खिलाड़ी की तारीफ में खोला दिल, बुमराह के लिए कही ये बात

एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 336 रनों से हराया है। इस मैच में भारतीय बॉलर्स ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

Shubman Gill- India TV Hindi
Image Source : GETTY शुभमन गिल

बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 336 रनों से हरा दिया है। इस मैच को जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल काफी खुश नजर आए। उन्होंने मैच जीतने के बाद तेज गेंदबाज आकाश दीप की दिल खोलकर तारीफ की। साथ ही में उन्होंने जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है। एजबेस्टन टेस्ट मैच खत्म होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने क्या कहा आइए हम आपको बताते हैं।

हमारी टीम ने तीनों डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन किया- शुभमन गिल

शुभमन गिल ने दूसरा टेस्ट मैच जीतने के बाद कहा कि पहले गेम के बाद हमने जितनी भी बातें कीं, हमने उन सभी को सही साबित करके दिखाया। हमारी गेंदबाजी और फील्डिंग देखने लायक थी। हमें पता था कि अगर हम इस तरह के विकेट पर 400-500 रन बना लेते हैं, तो हम मैच में बने रहेंगे। हर बार हम उतने कैच नहीं छोड़ते जितने हमने हेडिंग्ले में छोड़े थे। तेज गेंदबाजों ने इस मैच में जबरदस्त प्रदर्शन किया आकाश दीप और जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की और यहां तक ​​कि प्रसिद्ध कृष्णा ने भी, उन्हें उतने विकेट नहीं मिले, लेकिन उन्होंने भी शानदार गेंदबाजी की।

आकाश दीप और बुमराह को लेकर शुभमन गिल ने क्या कहा?

आकाश दीप को लेकर गिल ने कहा कि उन्होंने बहुत दिल से गेंदबाजी की। उन्होंने जिस एरिया और जिस लेंथ पर गेंद डाली, वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करवा रहे थे। इस तरह के विकेट पर ऐसा करना मुश्किल होता है, उन्होंने हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया। वहीं जसप्रीत बुमराह को लेकर उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से वह लॉर्ड्स टेस्ट मैच खेलेंगे। लॉर्ड्स टेस्ट के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं। एक बच्चे के तौर पर हर कोई वहां खेलने का सपना देखता है और मुझे लगता है कि उस मैदान पर अपने देश की कप्तानी करने और अपनी टीम का नेतृत्व करने से बड़ा कोई सम्मान नहीं है।

कप्तानी और बल्लेबाजी को लेकर गिल ने कही ये बात

अपने खेल को लेकर शुभमन गिल ने कहा कि  मैं अपने खेल के साथ सहज महसूस कर रहा हूं, उम्मीद है कि अगर मेरे योगदान से हम सीरीज जीतते हैं, तो मुझे खुशी होगी। मेरे लिए हर दिन कुछ न कुछ नया सीखने का मौका है। जब भी मैं मैदान पर जाता हूं, मैंने पहले भी कहा है, मैं सिर्फ एक बल्लेबाज के रूप में खेलना चाहता हूं और मैं एक बल्लेबाज के रूप में सोचना चाहता हूं। कभी-कभी जब आप मैदान पर होते हैं और एक कप्तान के रूप में सोचते हैं, तो आप वह जोखिम नहीं उठाते हैं जो मुझे लगता है कि एक बल्लेबाज के रूप में कभी-कभी आवश्यक होता है।

Latest Cricket News