1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय कप्तान का एक और महाकारनामा, विराट कोहली का कीर्तिमान चकनाचूर किया

भारतीय कप्तान का एक और महाकारनामा, विराट कोहली का कीर्तिमान चकनाचूर किया

लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल भले ही पहली पारी में कुछ खास नहीं कर सके लेकिन उन्होंने एक बड़ा कारनामा कर दिया। गिल ने 16 रन की पारी की बदौलत विराट कोहली का बहुत बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Shubman Gill - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शुभमन गिल

Shubman Gill: क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच घमासान जारी है। दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन इंग्लैंड ने 4 विकेट खोकर 251 रन बनाए लेकिन दूसरे दिन जसप्रीत बुमराह ने गेंद से कहर बरपाते हुए इंग्लिश टीम को 387 रन पर ढेर कर दिया। बुमराह ने 5 विकेट अपने नाम किए। 

इंग्लैंड की पहली पारी के जवाब में भारतीय टीम का आगाज कुछ खास नहीं रहा। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सिर्फ 13 रन बनाकर दूसरे ही ओवर में जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। इसके बाद करुण नायर भी 40 रन बनाकर चलते बने। 74 रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद मैदान पर नए बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरे शुभमन गिल से फैंस को एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वो सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इस छोटी सी पारी में भी कप्तान गिल ने विराट कोहली का कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए नया इतिहास रच दिया। 

गिल ने फिर किया कमाल

दरअसल, शुभमन गिल इस 16 रन की पारी के दौरान इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था। कोहली ने साल 2018 में इंग्लैंड दौरे पर 593 रन बनाए थे। वहीं, गिल ने मौजूदा टेस्ट सीरीज में 601 रन बना लिए हैं। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों की महज 5 पारियों में ये बड़ा कारनामा किया है। अगले 2 मैचों में उनके पास कई और बड़े कीर्तिमान तोड़ने का मौका होगा।

कप्तान के निशाने पर गावस्कर का कीर्तिमान

गिल अगर अगली 5 पारियों में 133 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन जाएंगे। फिलहाल ये रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम पर है। गावस्कर ने 1978-79 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 मैचों की टेस्ट सीरीज में 732 रन बनाए थे। 

एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान

  • सुनील गावस्कर - 732
  • विराट कोहली - 655
  • विराट कोहली - 610
  • शुभमन गिल - 601 

Latest Cricket News