A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमन गिल ने किया सौरव गांगुली जैसा कमाल, राहुल द्रविड़ जैसा करिश्मा अभी बाकी

शुभमन गिल ने किया सौरव गांगुली जैसा कमाल, राहुल द्रविड़ जैसा करिश्मा अभी बाकी

Shubman Gill: शुभमन गिल ने अपनी कप्तानी में पहली बार इंग्लैंड का दौरा किया और सीरीज को आखिरकार बराबरी पर खत्म करने में कामयाबी भी हासिल कर ली।

shubman gill- India TV Hindi
Image Source : GETTY शुभमन गिल

Shubman Gill Record: शुभमन गिल को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है। जब उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी बीसीसीआई ने सौंपी थी, त​ब तरह तरह के सवाल उठ रहे थे। इसके बाद जब उनकी कप्तानी में भारतीय टीम पहला ही मैच इंग्लैंड से हार गई तो ये आवाजें और भी मुखर हो गईं, लेकिन अब जबकि सीरीज समाप्त हो चुकी है तो गिल ने संतोषजनक काम करके दिखाया है। गिल ने करीब करीब वही काम किया है, जो सौरव गांगुली ने किया था, हालांकि राहुल द्रविड़ ने जो करिश्मा किया था, वो अभी बाकी है। 

मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में इंग्लैंड में हारी थी टीम इंडिया

बात जरा उन​ दिग्गजों की करते हैं, जो पहली बार जब कप्तान के तौर पर इंग्लैंड सीरीज में गए तो उनका क्या हाल हुआ था। सबसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन की बात। भारतीय टीम जब अजहर की कप्तानी में पहली बार इंग्लैंड गई थी, तब तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था। सीरीज का पहला ही मुकाबला टीम इंडिया हार गई और उसके बाद बचे हुए दो मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए। 

सौरव गांगुली पहली बार कप्तान बनकर गए इंग्लैंड, सीरीज हुई थी बराबर

बात अगर सौरव गांगुली की करें तो उनकी कप्तानी में भारतीय टीम जब इंग्लैंड के दौरे पर गई तो सीरीज बराबरी पर समाप्त हुई थी। दोनों टीमों ने एक एक मैच अपने नाम किया था। एमएस धोनी की कप्तानी में तो हाल बहुत ही खराब था। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया जब पहली बार इंग्लैंड गई तो चार मैचों में शर्मनाक हार का मुंह टीम इंडिया को देखना पड़ा, लेकिन जीत एक भी नसीब नहीं हुई। बात अगर कोहली की करें तो जब पहली बार कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड गई तो चार मैचों में हार और केवल एक ही में जीत नसीब हो पाई। हालांकि ये सीरीज काफी रोचक रही और भारतीय टीम काफी करीबी मुकाबले हारी थी। 

विराट कोहली का शानदार फार्म भी नहीं दिला पाया टीम इंडिया को जीत

खुद विराट कोहली उस दौरान जबरदस्त फार्म थे और उन्होंने खूब रन भी बनाए, लेकिन ऐन मौके की बाजी इंग्लैंड ने मारी, लिहाजा सीरीज में जबरदस्त जीत इंग्लैंड को मिली। इस दौरान रोहित शर्मा ने भी भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी की, लेकिन उनकी कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर गई ही नहीं, इसलिए यहां उनकी बात नहीं की जा सकती। 

राहुल द्रविड़ ने साल 2007 में इंग्लैंड में जाकर जीती थी टेस्ट सीरीज

बात अगर राहुल द्रविड़ की करें तो उस सीरीज में टीम इंडिया ने इंग्लैंड में जाकर जीत दर्ज की थी। तब तीन मैचों की सीरीज इन दोनों देशों के बीच खेली गई। इसका एक मैच टीम इंडिया ने अपने नाम किया और बाकी सभी मैच ड्रॉ हो गए, लिहाजा भारतीय टीम ने सीरीज अपने नाम कर ली। ये सीरीज साल 2007 में खेली गई थी, तब से लेकर अब तक टीम इंडिया इंग्लैंड में जाकर कोई टेस्ट सीरीज जीत नहीं पाई है। इस बार सीरीज बराबरी पर रही। यानी अपनी कप्तानी में पहली ही बार शुभमन गिल ने सीरीज बराबर कराकर सौरव गांगुली की तो बराबरी कर ली है। लेकिन अंग्रेजों की जमीन पर जाकर वहां जीत दर्ज करने का सपना अब फिर कब पूरा होगा, इसलिए अभी इंतजार करना होगा। 

Latest Cricket News