A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs ENG: शुभमन गिल ने पहले ही खोल दिए पत्ते, इस खिलाड़ी को डेब्यू संभव, करुण नायर को लेकर कही ये बात

IND vs ENG: शुभमन गिल ने पहले ही खोल दिए पत्ते, इस खिलाड़ी को डेब्यू संभव, करुण नायर को लेकर कही ये बात

Shubman Gill: भारतीय टीम इंग्लैंड सीरीज के बीच में अपने खिलाड़ियों की चोट से परेशान है। इस बीच मैनचेस्टर टेस्ट से पहले कप्तान शुभमन गिल ने मीडिया से बात की और कई बड़ी बातें बताईं।

shubman gill- India TV Hindi Image Source : GETTY शुभमन गिल

Shubman Gill Press Conference: भारत बनाम इंग्लैंड चौथा टेस्ट अब कुछ ही घंटे की दूरी पर है। इससे एक दिन पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल मीडिया के सामने आए और करीब करीब सभी सवालों जवाब भी दिए। चौथे टेस्ट से पहले कई भारतीय खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। ऐसे में टीम की टेंशन बढ़ी हुई है। मुकाबला भले ही 23 जुलाई को दोपहर से हो, लेकिन कप्तान ने कई सारे पत्ते एक दिन पहले ही खोल दिए हैं। 

ऋषभ पंत चौथा टेस्ट खेलते हुए आएंगे नजर

मीडिया से बात करते हुए शुभमन गिल ने साफ कर दिया है कि आकाश दीप अगले यानी चौथे मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे। इससे पहले नितीश कुमार रेड्डी और अर्शदीप भी बाहर हो चुके हैं। यानी आकाश दीप बाहर होने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस बीच राहत और तसल्ली की बात ये है ऋषभ पंत के खेलने पर कप्तान गिल ने मोहर लगा दी है। यानी उनकी चोट अब पूरी तरह से ठीक है। एक सवाल के जवाब में शुभमन गिल ने कहा कि ऋषभ पंत मैनचेस्टर टेस्ट में कीपर की भूमिका में नजर आएंगे। पंत इस सीरीज के लिए उपकप्तान भी बनाए गए हैं। 

अंशुल कम्बोज को मिल सकता है मैनचेस्टर में डेब्यू का मौका

सीरीज के बीच में अचानक से अंशुल कम्बोज को बुलाया गया है। वे मैनचेस्टर पहुंच भी गए हैं। इस बात की काफी ज्यादा संभावना है कि कम्बोज को इस मैच में डेब्यू का मौका मिल जाए। हालांकि गिल ने इस मामले को लेकर तस्वीर पूरी तरह से साफ नहीं की है। उन्होंने कहा कि अंशुल कम्बोज अपने इंटरनेशनल डेब्यू के बहुत करीब हैं। प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंम्बोज में से कोई एक गेंदबाज खेलेगा और इसका फैसला मैच से पहले किया जाएगा। यानी अंशुल के लिए 23 जुलाई की तारीख काफी अहम हो सकती है। लेकिन इसके लिए कुछ देर का इंतजार करना होगा। 

करुण नायर को फिर से मिलेगा प्लेइंग इलेवन में मौका

इसके अलावा एक बड़ा सवाल ये भी है कि क्या अगला मैच करुण नायर खेल पाएंगे। करीब आठ साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने वाले करुण नायर ने लगातार तीनों मैच खेले हैं, लेकिन एक भी बार वे 50 का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं। उनका फ्लॉप प्रदर्शन लगातार जारी है। माना जा रहा था कि अब करुण नायर को बाहर बैठना पड़ेगा। इस बीच जब गिल से इस बारे में बात की गई तो उनका कहना था कि उन्हें लगता है कि करुण नायर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन कभी कभी कोई बल्लेबाज क्लिक नहीं कर पाता। गिल ने भरोसा जताया कि वे जल्द ही एक बड़ी पारी खेलेंगे। गिल मैच के दिन आखिरी फैसला क्या लेते हैं, ये देखना होगा, लेकिन उनकी बातों से लग रहा है कि करुण नायर को खराब खेल के बाद भी चौथा टेस्ट मिलने जा रहा है। 

Latest Cricket News