1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ओवल में खेला है सिर्फ एक टेस्ट मैच, 2 साल पहले बनाए थे इतने रन

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ओवल में खेला है सिर्फ एक टेस्ट मैच, 2 साल पहले बनाए थे इतने रन

शुभमन गिल बहुत ही शानदार फॉर्म में हैं और टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं। वह मौजूदा टेस्ट सीरीज में दोनों टीमों की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर हैं।

shubman gill- India TV Hindi
Image Source : GETTY शुभमन गिल

इंग्लैंड दौरे से ही शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम की कमान मिली है। इसके बाद से ही उनके प्रदर्शन में खूब निखार आया है और उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर रनों की बरसात कर दी है। वह टेस्ट सीरीज में अभी तक चार शतक जड़ चुके हैं। उन्होंने अपने दम पर ही भारतीय टीम को दूसरे टेस्ट में 336 रनों से जीत दिलाई थी। अब भारतीय टीम पांचवां टेस्ट मुकाबला 31 जुलाई से केनिंग्टन ओवल के मैदान पर खेलेगी। इस मैच में टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

केनिंग्टन में शुभमन गिल ने खेली सिर्फ एक मैच

केनिंग्टन ओवल के मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की थी। दो साल पहले इस मैच में शुभमन गिल भी खेले थे। तब पहली पारी में उन्होंने 13 रन और दूसरी पारी में 18 रन बनाए थे। इस तरह से मैच में उनके बल्ले से 31 रन निकले थे।

टेस्ट सीरीज में गिल लगा चुके चार शतक

शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में दोनों टीमों की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने अभी तक कुल 722 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से चार शतक निकले हैं। दूसरे टेस्ट मैच में तो उनका प्रदर्शन और निखरकर सामने आया था, जब उन्होंने पहली पारी में 269 रन और दूसरी पारी में 161 रनों की पारियां खेली थीं।

भारत के पास सीरीज बराबर करने का मौका

टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की टीम ने पहला मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच में टीम ने वापसी की और 336 रनों से मैच अपने नाम कर लिया। इसके बाद तीसरे टेस्ट में भारत को 22 रनों से हार झेलनी पड़ी और चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया। भारतीय टीम अभी सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही है। अब भारतीय टीम अगर पांचवां मुकाबला जीत जाती है, तो वह सीरीज में बराबरी हासिल कर लेगी।

यह भी पढ़ें:

पांचवें टेस्ट मैच से बाहर होगा ये अंग्रेज गेंदबाज, पूर्व क्रिकेटर ने दिया हैरान करने वाला बयान

ओवल में खत्म होगा 23 साल का लंबा इंतजार? टीम इंडिया के गेंदबाज कर पाएंगे ऐसा कमाल

Latest Cricket News