A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्या आप जानते हैं क्रिकेट इतिहास का सबसे कम दूरी का छक्का? सिर्फ तीन मीटर में मिल गए थे बल्लेबाज को 6 रन

क्या आप जानते हैं क्रिकेट इतिहास का सबसे कम दूरी का छक्का? सिर्फ तीन मीटर में मिल गए थे बल्लेबाज को 6 रन

टी20 क्रिकेट आने के बाद से जहां एक तरफ बल्लेबाज काफी लंबे-लंबे छक्के लगाते हुए दिखाई देते हैं, जिसमें वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे लंबी दूरी के छक्कों को लेकर बात की जाती है तो वहीं हम आपको क्रिकेट के सबसे कम दूरी के छह रन के बारे में बताने जा रहे हैं।

smallest six of Cricket- India TV Hindi
Image Source : AFP क्रिकेट इतिहास सबसे छोटा छक्का

वर्ल्ड क्रिकेट में मौजूदा समय में देखा जाए तो उसमें अब लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में ऐसे बल्लेबाज लगभग हर टीम में देखने को मिलते हैं जो कम गेंदों में ही पूरे मुकाबले का रुख अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर पलटकर रख देते है। ऐसे प्लेयर्स गेंद को काफी आसानी से स्टैंड्स में पहुंचाते हुए दिखाई देते हैं जिसमें गेंदबाजों के लिए भी उनको रोक पाना काफी मुश्किल काम दिखता है। आज के दौर में छक्कों की दूरी को लेकर भी काफी चर्चा देखने को मिलती है, जिसमें 100 मीटर से अधिक लंबे सिक्स के लिए ज्यादा रन देने की वकालत भी की जा रही है। हालांकि हम आपको आज क्रिकेट इतिहास के सबसे कम दूरी के छह रन के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें गेंद को बाउंड्री लाइन भी पार नहीं करना पड़ा था।

सिर्फ तीन मीटर में ही बल्लेबाज को मिल गए थे छह रन

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम दूरी के छक्के को लेकर बात की जाए तो उसमें गेंद सिर्फ तीन मीटर ही दूर गई थी और बल्लेबाज को कुल 6 रन मिल गए थे। ये वाकया साल 2001 में कोलंबो के मैदान पर पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के खेले गए मुकाबले में हुआ था। इस मैच में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही थी, जिसमें उन्होंने 25 ओवर्स तक 4 विकेट के नुकसान पर 94 रन बना लिए थे। पारी के 26वें ओवर की पहली गेंद जो श्रीलंका की तरफ से उपुल चंदाना ने फेंकी उस पर राशिद लतीफ ने स्वीप शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से में लगकर विकेटकीपर के सिर से ऊपर की तरफ गई और सीधे हेलमेट में जाकर लगी।

राशिद लतीफ ने इस शॉट को मारने के साथ ही जहां एक रन पूरा कर लिया तो वहीं उनको गेंद के हेलमेट में लगने पर 5 रन पेनल्टी के मिल गए। इसके साथ ही पाकिस्तान के खाते में में कुल 6 रन आ गए और ये क्रिकेट इतिहास का सबसे छोटा सिक्स यानी सिर्फ तीन मीटर लंबा बन गया। इस मैच में फील्ड अंपायर की भूमिका निभा रहे स्टीव बकनर ने स्कोरर की तरफ कुल 6 रन देने का इशारा किया।

आईसीसी के नियम का मिला फायदा

क्रिकेट के खेल में अक्सर विकेटकीपर विकेट के पीछे हेलमेट को रख देते हैं जहां पर खेल के दौरान गेंद के सबसे कम वहां जाने की उम्मीद की जाती है। हालांकि इसके बावजूद आईसीसी की तरफ उसके नियमों में साफ है कि यदि मैदान पर रखे हेलमेट से गेंद लगती है तो बल्लेबाजी करने वाली टीम के खाते में 5 रनों जोड़ दिए जाएंगे। इसी का फायदा पाकिस्तानी टीम को इस मैच में मिला। हालांकि इस मैच को श्रीलंका की टीम बाद में 8 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही।

यह भी पढ़ें

टेस्ट, वनडे और टी20 में ICC कर सकता है बड़ा चेंज, एक ही मैच में मिलेगा रेड और पिंक बॉल का मजा!

T20 वर्ल्ड कप मिशन पर निकली टीम इंडिया, हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी इंग्लैंड रवाना

Latest Cricket News