1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, शेफाली वर्मा के साथ मिलकर तोड़ डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, शेफाली वर्मा के साथ मिलकर तोड़ डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत-इंग्लैंड T20I सीरीज के दूसरे मुकाबले में स्मृति मंधाना ने 150 T20I मैच खेलने का कीर्तिमान रच दिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय महिला और ओवरऑल तीसरी भारतीय क्रिकेटर बन गईं।

Smriti Mandhana- India TV Hindi
Image Source : GETTY स्मृति मंधाना

Smriti Mandhana: भारत और इंग्लैंड के बीच ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर दूसरा T20I मुकाबला खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस हारने के बाद स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी भारतीय पारी का आगाज करने के लिए मैदान पर उतरी और इसके साथ ही बड़ा इतिहास बन गया। दरअसल, भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने इस मैच में शिरकत करने के साथ ही कीर्तिमान रच दिया है। मंधाना 150 T20I मैच खेलने वाली दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर बन गईं हैं। यही नहीं, वह 150 T20I मैच खेलने वाली ओवरऑल सिर्फ तीसरी भारतीय क्रिकेटर हैं। इससे पहले रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर ही इस उपलब्धि को अपने नाम कर पाए थे। 

दुनिया की पहली लेफ्ट हैंडर बल्लेबाज

स्मृति मंधाना को मिलाकर दुनिया में अब तक सिर्फ 9 खिलाड़ियों ने ही 150 या उससे ज्यादा T20I मैच खेले हैं। इनमें मंधाना इकलौती बाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय खिलाड़ी का ये कारनामा कितना बड़ा है। मंधाना ने अपने करियर में अब तक भारतीय महिला टीम के लिए कई अहम मुकाबलों में मैच जिताऊ पारियां खेली हैं और कई कीर्तिमान अपने नाम किए हैं, लेकिन उनका ये रिकॉर्ड अपने आप में बेहद खास है। 

सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाले खिलाड़ी

  • हरमनप्रीत कौर - 179
  • सूजी बेट्स - 177 
  • डैनी व्याट-हॉज - 175
  • एलिस पेरी - 168
  • एलिसा हीली - 162 
  • निदा डार - 160
  • रोहित शर्मा - 159
  • पॉल स्टर्लिंग - 151
  • स्मृति मंधाना - 150

वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूट गया

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारतीय पारी का आगाज धुआंधार अंदाज में किया। पहले ही ओवर में दोनों ने मिलकर 11 रन बटोरे। इसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर सिंगल चुराते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया। बता दें, स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने मिलकर वूमेन्स T20I में सबसे ज्यादा रनों की पार्टनरशिप का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच अब तक कुल मिलाकर 2724 रनों की पार्टनरशिप हो गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड एलिसा हीली और बेथ मूनी के नाम दर्ज था। 

वूमेन्स T20I में सबसे ज्यादा रनों की पार्टनरशिप (कोई भी विकेट)

  • 2724* - स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा 
  • 2720 ​​- एलिसा हीली और बेथ मूनी 
  • 2556 - सुजी बेट्स और सोफी डिवाइन 
  • 1985 - ईशा ओझा और तीर्था सतीश 
  • 1976 - कविशा एगोडागे और ईशा ओझा 

 

Latest Cricket News