1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सोनल दिनुशा भारत के खिलाफ यह कारनामा करने वाले बने पहले खिलाड़ी, टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सिर्फ तीसरे प्लेयर

सोनल दिनुशा भारत के खिलाफ यह कारनामा करने वाले बने पहले खिलाड़ी, टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सिर्फ तीसरे प्लेयर

भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच में श्रीलंकाई बल्लेबाज सोनल दिनुशा ने दूसरी पारी में भी शतक लगाने के साथ खुद को दिग्गजों की लिस्ट में शामिल कर लिया है। सोनल अब भारत के खिलाफ टेस्ट में दोनों पारियों में शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे श्रीलंकाई खिलाड़ी बने हैं।

Sonal Dinusha- India TV Hindi
Image Source : AFP सोनल दिनुशा

भारत और श्रीलंका के बीच में दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला जो कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर खेला जा रहा है उसमें श्रीलंकाई टीम के लिए उनके 25 साल के खिलाड़ी सोनल दिनुशा सबसे अहम खिलाड़ी साबित हुए। पहली पारी में जल्दी सिमटने के बाद श्रीलंकाई टीम को फॉलोऑन का सामना करना पड़ा जिसमें सोनल के बल्ले से दूसरी पारी में भी शतक देखने को मिला और इसी के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में खुद को दिग्गजों की लिस्ट में शामिल करने में कामयाब हो गए। सोनल दिनुशा टेस्ट क्रिकेट में अब पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो भारत के खिलाफ किसी मुकाबले में फॉलोऑन मिलने पर दोनों पारियों में शतक लगाने में कामयाब हो सके हैं। वहीं टेस्ट इतिहास में देखा जाए तो वह ऐसा करने वाले अब तक के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन हैं।

सोनल दिनुशा बने विजय हजारे और एंडी फ्लावर के क्लब का हिस्सा

कोलंबो टेस्ट मैच में श्रीलंकाई बल्लेबाज सोनल दिनुशा के बल्ले से पहले पारी में 103 रन देखने को मिली। इसके बाद जब फॉलोऑन मिलने पर उनकी टीम बल्लेबाजी करने आई और गंभीर स्थिति में थी तो उस समय सोनल एकबार फिर से डूबती नांव को संभालने आए और शानदार शतकीय पारी खेलने में कामयाब हो गए। सोनल दिनुशा इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट में अब विजय हजारे और एंडी फ्लावर के बाद सिर्फ तीसरे खिलाड़ी हैं जो फॉलोऑन मिलने पर दोनों पारियों में शतक लगाने में कामयाब हो सके। विजय हजारे ने साल 1948 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में जो एडिलेड में खेला गया था उसमें दोनों पारियों में शतक लगाने में कामयाब हुए थे, जिसमें टीम इंडिया को फॉलोऑन का सामना करना पड़ा था। वहीं इसके बाद साल 2001 में जिम्बाब्वे टीम के पूर्व कप्तान एंडी फ्लावर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हरारे टेस्ट मुकाबले में फॉलोऑन मिलने पर दोनों पारियों में शतक लगाया था।

टेस्ट मैच में फॉलोऑन मिलने पर दोनों पारियों में शतक लगाने वाले खिलाड़ी

  • विजय हजारे (भारत) - बनाम ऑस्ट्रेलिया (साल 1948, एडिलेड)
  • एंडी फ्लावर (जिम्बाब्वे) - बनाम साउथ अफ्रीका (साल 2001, हरारे)
  • सोनल दिनुशा (श्रीलंका) - बनाम भारत (साल 2026, कोलंबो)

भारत के खिलाफ 11 साल बाद किसी खिलाड़ी ने दोनों पारियों में लगाया शतक

श्रीलंकाई बल्लेबाज सोनल दिनुशा 11 सालों में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो भारतीय टीम के खिलाफ टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने में कामयाब हो सके हैं। इससे पहले साल 2015 में एजबेस्टन के स्टेडियम में जॉनी बेयरस्टो ने दोनों पारियों में शतक लगाया था, जब वह 106 और नाबाद 114 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए थे। वहीं दो टेस्ट मैचों की सीरीज में तीन शतकीय पारियां खेलने वाले सोनल दिनुशा अभी तक के सिर्फ 9वें खिलाड़ी हैं।

ये भी पढ़ें

ऋषभ पंत ने पकड़ ली टीम इंडिया की कमजोरी, बोले- बाहर से कोई नहीं आएगा VIDEO

एशिया कप के लिए दुबई पहुंची टीम इंडिया, पाकिस्तान को धूल चटाने और खिताब पर होगी नजर

Latest Cricket News