गॉल की पिच पर श्रीलंका के एक युवा बल्लेबाज ने 17 अगस्त को ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो मेजबान टीम के लिए भी लंबे समय तक याद रखा जाएगा। भारत के खिलाफ अपने करियर का सिर्फ चौथा टेस्ट खेल रहे सोनल दिनुशा ने शानदार शतक जड़कर न सिर्फ श्रीलंका को फॉलोऑन से बचाया, बल्कि खुद को एक खास रिकॉर्ड लिस्ट में भी शामिल कर लिया। पहले टेस्ट में दिनुशा उस समय बल्लेबाजी करने आए, जब श्रीलंका के 4 विकेट 59 रन पर गिर चुके थे।
गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन दिनुशा ने तीसरे सेशन में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। 25 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 168 गेंदों पर 100 रन की पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। दिनुशा ने 167 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था, लेकिन अगली ही गेंद पर उनकी पारी का अंत हो गया। रवींद्र जडेजा ने उन्हें LBW आउट कर दिया।
भारत के खिलाफ किया बड़ा कारनामा
दिनुशा की यह सेंचुरी सिर्फ उनके करियर की पहली टेस्ट सेंचुरी नहीं थी, बल्कि इसके साथ उन्होंने श्रीलंका के लिए एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ नंबर-6 पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले चौथे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले इस सूची में श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा, तिलकरत्ने दिलशान और दिनेश चांदीमल का नाम था।
दिनेश चांदीमल ने 2015 में भारत के खिलाफ नंबर-6 पर नाबाद 162 रन की पारी खेली थी, जो इस लिस्ट में सबसे बड़ी पारी है। तिलकरत्ने दिलशान ने 2008 में नाबाद 125 रन, जबकि अर्जुन रणतुंगा ने 1985 में 111 रन बनाए थे। अब दिनुशा ने 100 रन की पारी के साथ इन दिग्गजों के बीच अपनी जगह बना ली है।
शतक ने श्रीलंका को फॉलोआन से बचाया
दिनुशा की इस पारी का महत्व सिर्फ रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा। श्रीलंका की पहली पारी में वह निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां करते हुए टीम को संभालने में काफी हद तक सफल रहे। उन्होंने निरोशन डिकवेला के साथ छठे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी की। इस पारी की बदौलत श्रीलंका फॉलोऑन खेलने की स्थिति से बाहर निकलने में सफल रहा। तीसरे दिन के खेल की बात की जाए, तो श्रीलंका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई। इसके साथ ही तीसरे दिन की समाप्ति की घोषणा कर दी गई। भारतीय टीम अब भी 178 रन आगे है।
यह भी पढ़ें:
कप्तान गिल ने कर दिया कमाल, श्रीलंका के खिलाफ उड़ते हुए गिल का वीडियो आप भी देखिए
रवींद्र जडेजा ने रचा इतिहास, दिग्गजों के स्पेशल क्लब में शामिल होने वाले बने सिर्फ चौथे ऑलराउंडर
Latest Cricket News