क्रिकेट का खेल धीरे-धीरे पूरी दुनिया में अपने पैर पसार रहा है। अब क्रिकेट मैच भी ज्यादा हो रहे हैं। इसी वजह रोज नए रिकॉर्ड बन और टूट रहे हैं। भूटान और म्यांमार के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मुकाबला खेला गया, जिसमें भूटान की टीम ने 82 रनों से जीत दर्ज की। मैच में भूटान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 127 रन बनाए। इसके बाद म्यांमार की टीम सिर्फ 45 रनों पर सिमट गई। भूटान के लिए सोनम येशे ने कमाल की गेंदबाजी की और मैच में कुल 8 विकेट झटके।
भूटान के सोनम येशे ने झटके 8 विकेट
22 साल के सोनम येशे ने म्यांमार के खिलाफ T20I मैच में अपने चार ओवर में कुल 7 रन देकर 8 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 7 रन दिए। उनकी गेंदों को खेलना म्यांमार के बल्लेबाजों के लिए बिल्कुल आसान नहीं रहा। वह एक टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं और उन्होंने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड रचा है।
सोनम येशे से पहले पुरुष टी20 इंटरनेशनल मैच में सिर्फ 2 बॉलर्स ने 7-7 विकेट झटके थे। मलेशिया के स्याजरुल इद्रस ने चीन के खिलाफ खेलते हुए साल 2023 में T20I मैच में 7 विकेट झटके थे। बहरीन के अली दाऊद ने भूटान के खिलाफ T20I मैच में 7 विकेट चटकाए थे। अब सोनम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इन दोनों गेंदबाजों को पीछे कर दिया है।
भूटान के लिए नामगांग चेजय ने लगाया अर्धशतक
मैच में भूटान की टीम के लिए नामगांग चेजय ने अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने 45 गेंदों में कुल 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल रहा। बाद में नामगे थिनले ने 22 गेंदों में कुल 27 रनों का योगदान दिया। ताशी डोर्जी ने 17 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही भूटान की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 127 रनों तक पहुंच पाई।
म्यांमार के सिर्फ दो बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे
बाद में म्यांमार के लिए कोई भी बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाया और पूरी टीम सिर्फ 45 रनों पर सिमट गई। म्यांमार की टीम के लिए हेट लिन ऊ ने 12 रन और प्याए फ्यो वाई ने 10 रन बनाए। इन दोनों प्लेयर्स को छोड़कर बाकी के बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाए। सोनम येशे की गेंदों के आगे म्यांमार के बल्लेबाज टिक नहीं पाए।
यह भी पढ़ें:
ICC Rankings: साल खत्म होते- होते कैसी है टीम इंडिया की तीनों फॉर्मेट में रैंकिंग, दो में तो नंबर वन
स्मृति मंधाना ने तोड़ा खुद का ही वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा करने वाली इकलौती बल्लेबाज
Latest Cricket News