1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC ने इस गेंदबाज को दी बड़ी राहत, बॉलिंग एक्शन को मिला ग्रीन सिग्नल

ICC ने इस गेंदबाज को दी बड़ी राहत, बॉलिंग एक्शन को मिला ग्रीन सिग्नल

दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर प्रीनेलान सुब्रायन का गेंदबाजी ऐक्शन वैध पाया गया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में उनके गेंदबाजी ऐक्शन में गड़बड़ी मिली थी। लेकिन अब उन्हें एक बड़ी राहत मिली है।

South Africa Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम

दक्षिण अफ्रीका के ऑफ स्पिनर प्रीनेलान सुब्रायन को ICC की तरफ से एक बड़ी राहत मिली है। स्वतंत्र परीक्षण केंद्र ने उनके गेंदबाजी एक्शन को वैध पाया है। अपने देश के लिए अब तक एक टेस्ट और एक वनडे मैच खेल चुके सुब्रायन का गेंदबाजी एक्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले महीने खेले गए सीरीज में संदिग्ध पाया गया था। हालांकि सुब्रायन को गेंदबाजी से रोका नहीं गया था लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें आराम देते हुए ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर रखने का फैसला किया। इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज के लिए उन्हें टीम में नहीं रखा गया था।

गेंदबाजी विनियमों के तहत प्रेनेलेन सुब्रायन की बॉलिंग एक्शन को माना गया सही

सुब्रायन का 26 अगस्त को ब्रिस्बेन में परीक्षण किया गया और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के एक बयान में पुष्टि की गई कि उनकी सभी गेंदों में कोहनी का विस्तार आईसीसी के अवैध गेंदबाजी विनियमों के तहत अनुमत 15 डिग्री के स्तर के भीतर था।

कई बार अपने बॉलिंग एक्शन को लेकर विवाद में आ चुके हैं सुब्रायन

सुब्रायन को इससे पहले भी गेंदबाजी ऐक्शन को लेकर कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। दिसंबर 2012 में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने दो अलग-अलग स्वतंत्र परीक्षणों में उनके गेंदबाजी ऐक्शन को अवैध पाए जाने के बाद उन्हें रिहैब के तहत रखा था। सुधारात्मक कार्य और पुनः परीक्षण के बाद जनवरी 2013 में उन्हें फिर से बॉलिंगकरने की अनुमति दे दी गई थी।

सुब्रायन की बॉलिंग एक्शन पर उठे थे सवाल

सितंबर 2014 में भारत में चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के दौरान और नवंबर 2015 में एक घरेलू टी-20 मैच के दौरान भी सुब्रायन की गेंदबाजी ऐक्शन में गड़बड़ी पाई गई थी। उनके ऐक्शन के मूल्यांकन में पाया गया कि उनकी सभी गेंदें 15 डिग्री की सीमा से अधिक थी, जिसके बाद उन्हें बॉलिंग से निलंबित कर दिया गया था। जनवरी 2016 में उनका दोबारा मूल्यांकन किया गया, लेकिन अंततः मार्च 2016 में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में उनके ऐक्शन की जांच के बाद उन्हें गेंदबाजी फिर से शुरू करने की अनुमति मिल गई थी। सुब्रायन 2011 से दक्षिण अफ्रीका के घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं और उन्होंने जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था।

Latest Cricket News