वनडे सीरीज के बाद अब साउथ अफ्रीका की टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। टी-20 सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज डेविड मिलर चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उन्हें द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान चोट लगी थी। इसी वजह से अब वह इस सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।
द हंड्रेड में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स की टीम का हिस्सा थे डेविड मिलर
बता दें कि मिलर 10 सितंबर से कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के दौरान साउथ अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार थे। लेकिन हाल ही में खत्म हुए द हंड्रेड में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स का प्रतिनिधित्व करते हुए इस बाएं हाथ के खिलाड़ी को दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। इसी वजह से अब उन्हें इस सीरीज से बाहर होना पड़ा है। डेविड मिलर ने आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था।
मिलर के रिप्लेसमेंट का नहीं हुआ है अब तक ऐलान
फिलहाल, दक्षिण अफ्रीका ने चोटिल बल्लेबाज मिलर की जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल नहीं किया है। डेविड मिलर की बात करें तो वह पिछले कुछ महीनों से ज्यादा क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। मिलर को द हंड्रेड में सिर्फ पांच मैच में खेलने का मौका मिला और उससे पहले वह मार्च-जून में आईपीएल 2025 में भी खेले थे। इसके अलावा साउथ अफ्रीका के लिए उन्होंने अपना आखिरी मैच मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था। मिलर के लिए यह एक शानदार टूर्नामेंट रहा क्योंकि उन्होंने सेमीफाइनल में शतक जड़ा, लेकिन वहां उनकी टीम को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
एल्बी मोर्कल बने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजी सलाहकार
इसके साथ ही क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने एक और ऐलान किया है। बोर्ड ने बताया है कि पूर्व अफ्रीकी बल्लेबाज एल्बी मोर्कल उनके कोचिंग स्टाफ में गेंदबाजी सलाहकार के रूप में शामिल होंगे। 44 वर्षीय एल्बी मोर्कल की बात करें तो, उन्होंने 2004 से 2015 तक दक्षिण अफ्रीका के लिए खेला था। अफ्रीकी टीम ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की और अब वह इस टी-20 सीरीज में भी वैसा ही प्रदर्शन करना चाहेगी।
यह भी पढ़ें
SA20 Auction 2026: डेवाल्ड ब्रेविस ने रच दिया इतिहास, बने लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी
एशिया कप से पहले दूर दूर बैठे भारत और पाकिस्तान के कप्तान, क्या सूर्या ने नहीं मिलाया सलमान अली आगा से हाथ?
Latest Cricket News