A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चेन्नई सुपर किंग्स की हार से SRH और GT की नैया पार, प्लेऑफ में 3 टीमों की जगह पक्की

चेन्नई सुपर किंग्स की हार से SRH और GT की नैया पार, प्लेऑफ में 3 टीमों की जगह पक्की

IPL 2026 के 63वें मैच के नतीजे के साथ ही 2 टीमों की प्लेऑफ में जगह पक्की हो गई। सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से मात दी।

SRH vs CSK- India TV Hindi
Image Source : AFP चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 का 63वां मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया, जिसमें मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। अंत में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बाजी मारने में सफल रही। सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद ने 16 पॉइंट के साथ प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। यही नहीं, हैदराबाद की जीत का फायदा गुजरात टाइटंस को भी हुआ। SRH की जीत से गुजरात टाइटंस भी 16 पॉइंट के साथ प्लेऑफ में पहुंच गई है। इस तरह IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए 3 टीमें तय हो गईं। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम प्लेऑफ का टिकट हासिल करने वाली पहली टीम बनी थी। अब प्लेऑफ के चौथे स्पॉट के लिए 5 टीमों के बीच जंग है। इनमें पंजाब किंग्स, RR, CSK, DC और KKR की टीम शामिल हैं। मुंबई इंडियंस और LSG पहले ही बाहर हो चुकी हैं।

SRH को जीत के लिए मिला 181 रनों का लक्ष्य

चेपॉक में खेले गए इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 रन बनाने में सफल रही। चेन्नई की ओर से डेवॉल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 44 रनों की पारी खेली। वहीं, कार्तिक शर्मा ने 32 रनों का योगदान दिया। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपनी झोली में किए। वहीं, साकिब हुसैन ने 2 विकेट अपने नाम किए। प्रफुल्ल हिंगे और ईशान मलिंगा को 1-1 सफलता मिली।

किशन ने खेली मैच विनिंग पारी

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का आगाज बेहद खराब रहा। सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड तीसरे ही ओवर में चलते बने। अभिषेक शर्मा भी 8वें ओवर में पवेलियन लौट गए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन के बीच 75 रनों की साझेदारी हुई। क्लासेन 47 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन ईशान किशन दूसरे छोर से रनों की रफ्तार को बनाए रखने में कामयाब रहे। ईशान किशन 19वें ओवर में जब 70 रन बनाकर आउट हुए तब तक हैदराबाद की टीम जीत के करीब पहुंच चुकी थी। अंत में स्मरण रविचंद्रन ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ते हुए अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी।

यह भी पढ़ें:

'फिट लग रहा हूं ना', NSG कमांडोज से मजाक करते नजर आए धोनी, IPL के बीच शूटिंग प्रैक्टिस का VIDEO वायरल

टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे पर आया बड़ा अपडेट, जानिए कब से कब तक खेली जाएगी टेस्ट सीरीज

Latest Cricket News