Sri Lanka tour of Zimbabwe: एशिया कप का 9 सितंबर से आगाज होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे का दौरा करेगी। इस दौरे का ODI सीरीज से आगाज होगा, जिसमें 2 मुकाबले खेले जाएंगे। ऐसे में श्रीलंका ने ODI सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। श्रीलंका ने 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। चरिथ असलंका को टीम की कमान सौंपी गई है। श्रीलंका ने IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले युवा खिलाड़ी ईशान मलिंगा को टीम में शामिल नहीं किया है।
वानिंदु हसरंगा चोट के कारण अभी भी टीम से बाहर हैं। हसरंगा को जुलाई में बांग्लादेश के खिलाफ T20I सीरीज के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लग गई थी। स्टार ऑलराउंडर चोटिल होने के बाद बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गया था और अब जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी उन्हें टीम में नहीं चुना गया है। इस बीच 25 साल के टॉप आर्डर बल्लेबाज नुवानिदु फर्नांडो की टीम में वापसी हुई है, जिन्होंने आखिरी बार 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका के लिए ODI मैच खेला था।
हरारे में खेले जाएंगे सभी मुकाबले
जिम्बाब्वे दौरे के लिए श्रीलंका की टीम 22 अगस्त को हरारे रवाना होगी, जहां दोनों ODI मैच खेले जाएंगे। पहला ODI मैच 29 अगस्त को जबकि दूसरा मुकाबला 31 अगस्त को खेला जाएगा। ODI सीरीज के बाद 3 मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी। T20I सीरीज का 3 सितंबर से हरारे में आगाज होगा। दूसरा मैच 6 सितंबर जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा। इस सीरीज के सभी मुकाबले भी हरारे में खेले जाएंगे। जिम्बाब्वे दौरा खत्म करने के बाद श्रीलंकाई टीम 13 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप 2025 में अपने अभियान का आगाज करेगी।
श्रीलंका के जिम्बाब्वे दौरे का शेड्यूल
- पहला ODI: 29 अगस्त, हरारे
- दूसरा ODI: 31 अगस्त, हरारे
- पहला T20I मैच: 3 सितंबर, हरारे
- दूसरा T20I मैच: 6 सितंबर, हरारे
- तीसरा T20I मैच: 7 सितंबर, हरारे
जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज के लिए श्रीलंका की टीम: चरिथ असलंका (कप्तान), पथुम निसंका, निशान मदुष्का, कुसल मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंदु मेंडिस, जेनिथ लियानाज, पवन रथनायके, डुनिथ वेललेज, मिलन रथनायके, महीश तीक्षणा, जेफरी वेंडरसे,असिथा फर्नांडो, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका।
Latest Cricket News