A
Hindi News खेल क्रिकेट श्रीलंका को जीत के बावजूद मिली बड़ी सजा, सभी खिलाड़ियों पर लगा जुर्माना

श्रीलंका को जीत के बावजूद मिली बड़ी सजा, सभी खिलाड़ियों पर लगा जुर्माना

जिम्बाब्वे दौरे पर श्रीलंका क्रिकेट टीम को जीत के बावजूद बड़ा झटका लगा है। श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

SL vs ZIM- India TV Hindi Image Source : AP श्रीलंका क्रिकेट टीम

श्रीलंका की टीम ने जिम्बाब्वे दौरे का शानदार अंदाज में आगाज किया। 2 मैचों की ODI सीरीज में मेजबान जिम्बाब्वे का 2-0 से सूपड़ा साफ किया। पहला ODI 7 रनों से जीतने के बाद लंका ने दूसरे ODI में जिम्बाब्वे को 5 विकेट से मात दी। हालांकि, सीरीज पर कब्जा करने से पहले श्रीलंका को बड़ा झटका उस वक्त लगा जब टीम पर स्लो ओवर रेट के लिए भारी जुर्माना लगाया गया। पहले मैच में स्लो ओवर रेट के लिए श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर 5 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।

स्लो ओवर रेट की मिली बड़ी सजा

ICC मैच रेफरी जेफ क्रो (एमिरेट्स ICC एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी) ने यह सजा सुनाई। जांच के बाद पाया गया कि तय समस में श्रीलंकाई टीम निर्धारित लक्ष्य से एक ओवर कम फेंक पाई। नियमों के अनुसार, ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यदि कोई टीम निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करती है, तो खिलाड़ियों की मैच फीस में से प्रत्येक ओवर के लिए पांच प्रतिशत की कटौती की जाती है। इसी आधार पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर 5 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।

इस मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी क्योंकि श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका ने इस अपराध को स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा को मान लिया। हालांकि यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। आखिरी ओवर में दिलशान मदुशनका ने हैट्रिक लेकर मैच श्रीलंका की झोली में डाल दिया। एशियाई टीम ने जिम्बाब्वे को 7 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। मैच में दोनों टीमों ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन श्रीलंका ने निर्णायक पलों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इसके बाद दूसरे मैच में धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए ODI सीरीज पर कब्जा जमा लिया।

हरारे में 3 सितंबर से T20I सीरीज का आगाज

श्रीलंका की टीम अब 3 सितंबर से हरारे में खेली जाने वाली T20I सीरीज में शिरकत करेगी। T20I सीरीज में कुल 3 मैच खेले जाएंगे। दूसरा मुकाबला 6 सितंबर को और तीसरा मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा। ODI सीरीज की तरह T20I सीरीज के भी सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे।

Latest Cricket News