Ashes 2025: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पर्थ पहुंच चुकी है, जहां दोनों टीमों के बीच एशेज 2025 का 21 नवंबर से आगाज होगा। इस मैच में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच जबरदस्त टक्कर होने की उम्मीद है। एक तरफ इंग्लैंड की ओर से जो रूट बल्ले से कमाल करने उतरेंगे, तो वहीं, मेजबान ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ पर भी सभी की निगाहें टिकी होंगी। इस मैच में वैसे तो दोनों ही स्टार बल्लेबाजों के पास कई बड़े कीर्तिमान बनाने का मौका होगा लेकिन स्टीव स्मिथ के निशाने पर एक ऐसा रिकॉर्ड होगा, जो 95 सालों से अब तक कायम है।
स्टीव स्मिथ के पास बेहतरीन मौका
दरअसल, स्टीव स्मिथ का एशेज में शानदार रिकॉर्ड है। स्मिथ एशेज में 37 टेस्ट मैच की 66 पारियों में 56.01 के औसत से 3417 रन बना चुके हैं। इसमें 12 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। स्मिथ अगर पर्थ टेस्ट में 220 रन बनाने में सफल होते हैं, तो वह इंग्लैंड के महान बल्लेबाज जैक हॉब्स को पछाड़ देंगे और एशेज के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। जैक हॉब्स ने साल 1908 से 1930 के बीच एशेज में 41 टेस्ट मैचों की 71 पारियों में 3636 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 15 अर्धशतक भी आए थे। साफ नजर आ रहा है कि 95 सालों से जैक हॉब्स जिस नंबर-2 की कुर्सी पर विराजमान हैं, वो छिनती नजर आ रही है।
अगर स्मिथ पर्थ में खेले जाने वाले पहले टेस्ट में यह कारनामा नहीं कर पाते हैं, तो पूरी सीरीज में तो वह इस खास मुकाम को हासिल कर ही लेंगे क्योंकि एशेज 2025 में कुल 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज में स्मिथ को जैक हॉब्स को पीछे छोड़ने के लिए कुल 10 पारियां मिलेंगी। यानी स्टार बल्लेबाज आसानी से दूसरा पॉजिशन हासिल कर लेंगे।
एशेज के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- सर डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) - 5028
- जैक हॉब्स (इंग्लैंड) - 3636
- स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) - 3417
- एलन बॉर्डर (ऑस्ट्रेलिया) - 3222
- स्टीव वॉ (ऑस्ट्रेलिया) - 3173
- डेविड गॉवर (इंग्लैंड) - 3037
यह भी पढ़ें:
बाबर आजम के पास जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में बड़ा मौका, इस मामले में शाहिद अफरीदी को छोड़ सकते हैं पीछे
इस देश ने टाल दिया भारत का दौरा, वनडे और टी20 इंटरनेशनल मैचों की होनी थी सीरीज
Latest Cricket News