राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ए को मिला हेड कोच, पूर्व भारतीय स्पिनर को मिली जिम्मेदारी
दोहा की राजधानी कतर में 14 नवंबर से राइजिंग स्टार्स एशिया कप का आगाज होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम भी शिरकत करेगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए हेड कोच का ऐलान कर दिया गया है।

Sunil Joshi: पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी को राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के लिए इंडिया ए टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। यह टूर्नामेंट 14 नवंबर से दोहा (कतर) में खेला जाएगा। सुनील जोशी फिलहाल BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में स्पिन विभाग के प्रमुख हैं। उनकी कोचिंग में जितेश शर्मा की अगुवाई वाली इंडिया ए टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। इस टीम में IPL के कई उभरते सितारे जैसे वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्य, नमन धीर, नेहल वाधेरा और रमणदीप सिंह शामिल हैं।
सुनील जोशी के कंधों पर होगी अहम जिम्मेदारी
BCCI की परंपरा के अनुसार, COE के इन-हाउस कोच को भारत ए, राइजिंग स्टार्स (एमर्जिंग) और अंडर-19 टीमों नियुक्त किया जाता है। हाल ही में COE से जुड़े जोशी ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए की सीरीज में भी कोचिंग स्टाफ के रूप में हिस्सा लिया था। इस टूर्नामेंट में जोशी के साथ अपुर्व देसाई और पल्लव वोहरा भी टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा होंगे। अपुर्व देसाई बैटिंग कोच की भूमिका में होंगे जबकि पल्लव वोहरा फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
U19 वर्ल्ड कप में भी टीम को देंगे कोचिंग
जोशी राइजिंग स्टार्स एशिया कप के बाद भारत अंडर-19 टीम के साथ जुड़ेंगे और अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज और फिर अगले अंडर-19 वर्ल्ड कप तक टीम का मार्गदर्शन करेंगे। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फिलहाल उन कोचों को एकीकृत करने की दिशा में काम कर रहा है जिन्होंने लेवल-2 कोचिंग सर्टिफिकेशन पूरा किया है या फर्स्ट-क्लास, आयु कैटेगिरी या IPL टीमों के साथ कोच के रूप में काम किया है। वहीं, पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर हैदराबाद में शुरू होने वाली अंडर-19 चैलेंजर सीरीज में चार टीमों में से एक के कोच के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
भारत के लिए खेले सिर्फ 15 टेस्ट
सुनील जोशी ने भारत के लिए 15 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 41 विकेट चटकाए। साथ ही उनके बल्ले से 20.70 के औसत से 352 रन भी आए। इसके अलावा उन्होंने 69 ODI मैचों में 69 विकेट लेने का कारनामा किया। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 1996 से 2001 तक एक्टिव रहे। IPL में उन्होंने पहला सीजन खेला। उन्हें RCB के लिए सिर्फ 4 मैच खेलने का मौका मिला।
यह भी पढ़ें:
राहुल द्रविड़ के बेटे के क्रिकेट में बढ़ते कदम, अब इस टूर्नामेंट के लिए मिल गई जगह
शेफाली वर्मा को मिल गई कप्तानी की जिम्मेदारी, स्क्वाड का ऐलान; इन प्लेयर्स की हुई एंट्री