A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप से पहले दूर दूर बैठे भारत और पाकिस्तान के कप्तान, क्या सूर्या ने नहीं मिलाया सलमान अली आगा से हाथ?

एशिया कप से पहले दूर दूर बैठे भारत और पाकिस्तान के कप्तान, क्या सूर्या ने नहीं मिलाया सलमान अली आगा से हाथ?

एशिया कप के आगाज से ठीक पहले सभी आठ टीमों के कप्तान आपस में मिले। इस दौरान सभी की नजर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा पर रही।

captains of all teams before asia cup- India TV Hindi
Image Source : SCREENGRAB/YOUTUBE ASIAN CRICKET COUNCIL एशिया कप से पहले सभी टीमों के कप्तान

एशिया कप का रोमांच शुरू हो चुका है। पहले मुकाबले से ठीक पहले एक प्रोग्राम आयोजित किया गया, जिसमें सभी आठ टीमों के कप्तान शामिल हुए। इस दौरान कप्तानों ने एशिया कप के दौरान अपनी रणनीति के बारे में थोड़ा बहुत खुलासा किया। हालांकि सभी की नजर इस बात पर थी कि भारत और पाकिस्तान के कप्तान क्या आपस में मिलेंगे। सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा जब आमने सामने आएंगे तो उनका रिएक्शन कैसा होगा। इसको लेकर काफी कौतूहल था। अब इसके वीडियो वायरल हो रहे हैं। 

सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा का हुआ आमना सामना

एशिया कप का पहला मैच 9 सितंबर को है। इस दिन यूएई और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला है। इससे पहले सभी कप्तान मीडिया से रूबरू हुए। भारतीय टीम की कमान जहां एक ओर सूर्यकुमार यादव के पास है, वहीं पाकिस्तान की कप्तानी सलमान अली आगा कर रहे हैं। खास बात ये है कि दोनों कप्तान पहली बार किसी मल्टीनेशन टूर्नामेंट में कप्तानी कर रहे हैं। इस बीच सभी ये देखना चाहते थे कि क्या सूर्या और सलमान आपस में हाथ मिलाएंगे। 

सलमान अली आगा और सूर्यकुमार यादव के बीच में बैठे राशिद खान

अब एशियन क्रिकेट काउंसिल की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि पहले सूर्यकुमार यादव अपनी कुर्सी पर आकर बैठ जाते हैं। उनके बगल में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान बैठे हुए हैं। जब राशिद खान और सूर्या आपस में कुछ बात कर रहे थे, तभी सलमान अली आगा स्टेज पर आते हैं। हालांकि जब सलमान मंच पर चढ़कर बैठने आते हैं तो उनका सूर्या से आईकॉन्टेक्ट नहीं होता है। सूर्या उस वक्त दूसरी ओर देख रहे थे। इसके बाद जब दोनों ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया, उस वक्त भी दोनों ने एक दूसरे को नहीं देखा, लेकिन बातें जरूर काफी गौर से सूनी। 

एक वीडियो में मिलते नहीं दिखते सूर्या और सलमान

एशियन क्रिकेट काउंसिल की ओर से जो वीडियो शेयर किया गया है, उसे उस वक्त खत्म किया जाता है, जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव मंच से उतर रहे होते हैं, वहीं पर उसे खत्म कर दिया जाता है। ऐसे में ऐसा लगता है कि सूर्या और सलमान में कोई मिलाप नहीं हुआ। लेकिन अब उसके कुछ ही सेंकेंड बाद का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

एक और वीडियो में सूर्या ने मिलाया सलमान से हाथ

जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव मंच से उतरते हैं, उसी वक्त नीचे की साइड में सलमान अली आगा खड़े हैं। सीढ़ियों से उतरे सूर्या को सलमान देखते हैं और थंम्सअप का इशारा करते हैं, इसके बाद सलमान ही खुद सूर्या की ओर अपना हाथ मिलने के लिए आगे बढ़ाते हैं। इसके बाद सूर्या भी हाथ मिलते हैं, लेकिन कोई बात नहीं करते और आगे निकल जाते हैं। साफ है कि सूर्या ने सलमान का जवाब जरूर दिया, लेकिन उनका बात करने का कोई मन नहीं था। हालांकि जब ऐसे प्रोग्राम में कोई जाता है तो इतना तो करना ही पड़ता है, जो सूर्या ने किया।

Latest Cricket News