1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सूर्यकुमार यादव को क्यों किया गया रणजी टीम से बाहर? MCA के अधिकारी ने बताया असली कारण

सूर्यकुमार यादव को क्यों किया गया रणजी टीम से बाहर? MCA के अधिकारी ने बताया असली कारण

सूर्यकुमार यादव को मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में शामिल नहीं किया गया है। मुंबई क्रिकेट संघ के अनुसार, प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप से लगातार अनुपस्थित रहने और हाल ही में रेड-बॉल क्रिकेट का अनुभव न होने के कारण यह फैसला लिया गया।

Suryakumar Yadav- India TV Hindi
Image Source : ANI सूर्यकुमार यादव

आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले मैच के लिए 5 अक्टूबर को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के चयनकर्ताओं ने टीम का ऐलान किया। इस टीम में स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का नाम गायब था, जिससे क्रिकेट फैंस हैरान रह गए। कहा जा रहा है कि सूर्या ने खुद मैच खेलने की इच्छा जताई थी, फिर भी चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया। अब MCA के एक सूत्र ने इसका कारण स्पष्ट करते हुए बताया है कि सूर्या को रणजी टीम में जगह क्यों नहीं मिल पाई।

सूर्यकुमार यादव मुंबई की रणजी टीम से बाहर क्यों हुए?

सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर रखने की सबसे बड़ी वजह यह है कि सूर्या टीम के मैच से पहले आयोजित हुए ट्रेनिंग कैंप से लगातार गायब रहे। न्यूज एजेंसी PTI के हवाले से मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के एक सूत्र ने बताया कि मुंबई की टीम पिछले एक महीने से लाल गेंद से अभ्यास कर रही है, जबकि सूर्या काफी समय से लाल गेंद के क्रिकेट से दूर हैं और उन्होंने ट्रेनिंग कैंप भी अटेंड नहीं किया था। उन्होंने हाल के दिनों में कोई भी रेड बॉल मैच नहीं खेला है।

सूत्रों के अनुसार जब चयनकर्ताओं ने करीब 10 दिन पहले सूर्या से संपर्क करने की कोशिश की थी, तब उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया था। हालांकि बाद में सूर्या ने खुद को चयन के लिए उपलब्ध बताया, लेकिन चयनकर्ताओं का मानना था कि जो युवा खिलाड़ी महीने भर से लगातार मेहनत कर रहे हैं, उन्हें बाहर बैठाकर सूर्या को शामिल करना सही नहीं होगा। इसी वजह से 11 से 14 अक्टूबर तक चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले पहले मैच के लिए उन्हें 16 सदस्यीय टीम में नहीं चुना गया।

कैसे रणजी टीम में वापसी कर सकते हैं सूर्या?

सूर्या के लिए मुंबई टीम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। अगर उन्हें दोबारा टीम में जगह बनानी है, तो उन्हें मुंबई क्रिकेट संघ के स्थानीय टूर्नामेंट जैसे पुलिस शील्ड या पुरुषोत्तम शील्ड में खेलकर अपनी फॉर्म को साबित करनी होगी। दूसरी तरफ, मुंबई टीम को एक झटका भी लगा है। ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर अभ्यास के दौरान हाथ में चोट लगने की वजह से कम से कम एक महीने के लिए बाहर हो गए हैं। इस सत्र के पहले मैच के लिए सिद्धेश लाड को कप्तान नियुक्त किया है। इस सीजन के बचे हुए मैचों में भी सिद्धेश कप्तानी करते हुए दिख सकते हैं। जबकि टीम में यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें

आज फ्री में कैसे लाइव देखें भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबला, नहीं खर्च होगा कोई भी पैसा

IND vs WI पहले टी20 में चौके-छक्कों की होगी बरसात या गेंदबाज करेंगे वार? जानिए लखनऊ की पिच का मिजाज

Latest Cricket News