SuryaKumar Yadav: सूर्यकुमार यादव वैसे तो टी20 के बड़े खिलाड़ी माने जाते हैं। वे आईसीसी की टी20 रैंकिंग में भी काफी वक्त तक नंबर एक बल्लेबाज रहे। लेकिन बात जब पाकिस्तान की आती है तो उनका बल्ला ना जाने क्यों खामोश हो जाता है। इस बार सूर्यकुमार यादव कप्तानी भी करते हुए नजर आएंगे, यानी उनके पास दोहरी जिम्मेदारी होगी। सूर्या पहली बार किसी मल्टीनेशन टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कप्तानी करने जा रहे हैं। टीम का ऐलान पहले ही बीसीसीआई ने कर दिया है।
अब तक ऐसा रहा है सूर्या का टी20 में प्रदर्शन
साल 2021 में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार यादव अब तक 83 मुकाबले खेलकर 2598 रन बना चुके हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में चार शतक और 21 अर्धशतक हैं। यहां उनका औसत 38.20 का है, वहीं वे 167.07 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ तस्वीर काफी खराब है।
पाकिस्तान के खिलाफ सूर्या ने बनाए हैं केवल 5 मैचों में 64 ही रन
सूर्यकुमार यादव अब तक पाकिस्तान के खिलाफ 5 मुकाबले खेलकर 64 रन ही बना पाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ सूर्यकुमार यादव का औसत महज 12.80 का है। उनका सर्वाधिक स्कोर 18 का है। बड़ी बात ये है कि चौके और छक्कों के स्पेशलिस्ट माने जाने वाले सूर्या पाकिस्तान के खिलाफ केवल सात चौके और एक ही छक्का मारने में कामयाब हुए हैं।
यूएई में भी ज्यादा नहीं चलता है सूर्या का बल्ला
एशिया कप के मैच भारतीय टीम दुबई और आबुधाबी में खेलेगी। ऐसे में एक नजर यूएई के आंकड़ों पर भी डाली जानी चाहिए। सूर्या ने अब तक यूएई में कुल 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 181 रन बन हैं। वहां उनका औसत 36.20 का है, वहीं स्ट्राइक रेट 158.77 का है। यानी यूएई के आंकड़े भी कुछ खास नहीं हैं। अब देखना होगा कि इस बार जब वे पाकिस्तान के खिलाफ दुबई के मैदान में उतरेंगे तो कैसा प्रदर्शन करते हैं।
कप्तानी और बल्लेबाजी में होगी सूर्यकुमार यादव की परीक्षा
केवल बल्लेबाजी ही नहीं, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की भी परीक्षा होगी। हालांकि अभी तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो सूर्या पास हैं, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में जब रोज नई टीम से मुकाबला होगा और हर रोज नई रणनीति बननी होगी, तब सूर्या कैसे काम करते हैं, ये देखना काफी दिलचस्प होगा। कुल मिलाकर एशिया कप का ये एडिशन काफी रोमांच लेकर आने वाला है, इसलिए सभी की नजर इस पर होने वाली है।
Latest Cricket News