1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम के खराब प्रदर्शन पर हेड कोच को लेकर लिया गया बड़ा फैसला, लिमिटेड ओवर्स के लिए बदला कोचिंग सेटअप

टीम के खराब प्रदर्शन पर हेड कोच को लेकर लिया गया बड़ा फैसला, लिमिटेड ओवर्स के लिए बदला कोचिंग सेटअप

Ranji Trophy: तमिलनाडु टीम का रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पहले चार राउंड के मुकाबलों में प्रदर्शन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला है, जिसके बाद उनके लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट के कोचिंग सेटअप में बदलाव किया गया है।

Tamil Nadu Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : PTI तमिलनाडु क्रिकेट टीम

रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सीजन अभी जारी है, जिसमें तमिलनाडु टीम का प्रदर्शन अभी तक बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला है। ऐसे में तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने अपने कोचिंग सेटअप में सीजन के बीच में बदलाव करने का बड़ा फैसला लिया है। तमिलनाडु की टीम इस रणजी सीजन में एलीट ग्रुप-ए का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने अभी तक चार मैच खेले हैं, जिसमें 2 में जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा है तो वहीं 2 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए है। तमिलनाडु के अभी सिर्फ चार अंक हैं, ऐसे में इस सीजन उनके लिए आगे का सफर अब काफी कठिन हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य क्रिकेट संघ ने लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट के लिए नए हेड कोच के नाम का ऐलान किया है जो विजय हजारे ट्रॉफी और सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इस जिम्मेदारी को संभालेंगे।

एम वेंकटरमण को बनाया गया नया हेड कोच

तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में एक भी मुकाबला नहीं जीतने के बाद लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट टूर्नामेंट के लिए हेड कोच की जिम्मेदारी एम वेंकटरमण को सौंपी है। तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने स्प्लिट कोचिंग सेटअप का फैसला चेन्नई में हुई एक इमरजेंसी मीटिंग के बाद लिया, जिसकी जानकारी उन्होंने प्रेस रिलीज के जरिए सभी को दी। उन्होंने इसमें जानकारी दी कि एम सेंथिलाथन रणजी ट्रॉफी मुकाबलों के दौरान हेड कोच की जिम्मेदारी को इस सीजन संभालते हुए दिखेंगे। तमिलनाडु की टीम अभी कोयंबटूर के मैदान पर उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबला खेल रही है, जिसके बाद उसे इस सीजन के अपने बाकी बचे 2 मैच अगले साल जनवरी महीने के आखिर में खेलने हैं, जो विजय हजारे टूर्नामेंट के बाद खेले जाएंगे।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी हैं वेंकटरमण

लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट के लिए तमिलनाडु टीम के नए हेड कोच की जिम्मेदारी संभालने वाले एम. वेंकटरमण को लेकर बात की जाए तो उन्होंने साल 1989 में भारतीय टीम की तरफ से एक टेस्ट मैच मुकाबला भी खेला है, जो उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन के मैदान पर खेलने का मौका मिला था। वेंकटरमण ने फर्स्ट क्लास में कुल 75 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 29.63 के औसत से कुल 247 विकेट हासिल किए हैं। पिछले 2 सालों में तमिलनाडु ने अपने कोचिंग सेटअप में ये तीसरा बदलाव किया है।

ये भी पढ़ें

IND vs SA: रवींद्र जडेजा के पास बड़ा कारनामा करने का मौका, ऐसा करने वाले बन सकते हैं सिर्फ 5वें भारतीय

शे होप ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, वेस्टइंडीज के ऐसा करने वाले बने दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी

Latest Cricket News