Team India : अभी किसी भी समय टीम इंडिया के 15 खिलाड़ी आपको सीरीज में खेलते हुए नजर आते हैं, लेकिन वो दिन दूर नहीं है, जब भारत के लिए करीब 50 खिलाड़ी खेल रहे होंगे। एक टीम कहीं टेस्ट मैच खेल रही होगी तो दूसरी टीम टी20 सीरीज में व्यस्त होगी। इतना ही नहीं, इसी बीच हो सकता है कि एक टीम इंडिया कहीं वन डे सीरीज भी खेल रही हो। वो दिन ज्यादा दूर नहीं है, उसमें कुछ ही महीने बाकी हैं। इससे पहले एक बार ऐसा हो भी चुका है। भारतीय टीम पिछले साल जून में जब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए इंग्लैंड में थी, उसी वक्त एक टीम इंडिया श्रीलंका के साथ वन डे और टी20 सीरीज खेलने गई थी, तब उस टीम के कप्तान शिखर धवन बनाए गए थे। इस बीच क्रिकेट काफी ज्यादा हो रहा है। दुनियाभर के क्रिकेट दिग्गज इसको लेकर सवाल उठा रहे हैं और कुछ खिलाड़ी को एक या दो फॉर्मेट से संन्यास का भी ऐलान कर चुके हैं।
एक ही समय में अलग अलग जगह खेलेगी भारतीय टीम
टीम इंडिया और दुनियाभर की क्रिकेट टीमें इस वक्त काफी क्रिकेट खेल रही हैं, इसलिए खिलाड़ियों को आराम का मौका नहीं मिलता है। टीम इंडिया को ही लीजिए, लगातार एक के बाद एक सीरीज चल रही है। ऐसे में खिलाड़ी किसी न किसी सीरीज से अपना नाम वापस ले लेते और फिरह से वापसी करते हैं। हालांकि अभी एक वक्त में एक ही सीरीज खेली जा रही है। जो खिलाड़ी टेस्ट खेलता है वो वन डे और टी20 से रेस्ट लेता है और जो टी20 व वन डे खेलता है, वो टेस्ट से आराम ले लेता है। कई टीमों ने तो अपनी वन डे, टी20 और टेस्ट की अलग अलग टीमेें बना रखी हैं। भारत के भी कुल पांच छह खिलाड़ी ऐसे हैं, जो सभी फॉर्मेट खेलते हैं।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कही थी ये बात
आपको याद होगा, अभी कुछ ही महीने पहले बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा था कि उनकी एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण से बात हुई है और हम एक रोस्टर तैयार करेंगे। जिसमें हमेशा हमारे पास कम कम 50 खिलाड़ी उपलब्ध होंगे। उन्होंने ये भी कहा था कि एक टीम इंडिया टेस्ट खेलेगी और दूसरी भारतीय टीम कहीं दूसरी जगह लिमिटेड ओवर का क्रिकेट खेल रही होगी। उनका कहना था कि हम उस दिशा में जा रहे हैं, जहां एक ही समय हमारे पास दो राष्ट्रीय टीमें होंगी। जय शाह की ये प्लानिंग अब कुछ ही दिन में जमीन पर दिखने लगेगी, यानी ये शुरू हो जाएगी। उम्मीद की जानी चाहिए कि टी20 विश्व कप के बाद ऐसा कुछ न कुछ होता हुआ नजर आ सकता है। ऐसे में तीनों फॉर्मेट में अलग अलग कप्तान भी हो सकते हैं। अभी वैसे तो रोहित शर्मा कप्तान हैं, लेकिन इसी साल यानी 2022 में ही सात भारतीय खिलाड़ी अगल अलग जगह पर कप्तानी करते हुए नजर आ चुके हैं। वैसे भी अब आईपीएल दस टीमों का हो गया है और ज्यादातर टीमों के कप्तान भारतीय खिलाड़ी हैं, ऐसे में कप्तानों की तो कोई कमी है ही नहीं।
खिलाड़ियों के पास भी होंगे ज्यादा मौके
बीसीसीआई सचिव ने जो बात कही थी, वो अगर फलीभूत होती है तो क्रिकेट में भारत नए आयाम छुएगा, बल्कि खिलाड़ियों के पास भी ज्यादा मौके होंगे। कई खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं, लेकिन वे टीम में अपनी स्थाई जगह बना पा रहे हैं। लेकिन अगर तीन टीमें अलग अलग खेलेंगी तो खिलाड़ी भी ज्यादा होंगे। लेकिन खिलाड़ियों ये भी तय करना होगा कि वे किस फॉर्मेट को खेलना चाहते हैं। ऐसे गिने चुने ही खिलाड़ी होंगे, जो एक से ज्यादा फॉर्मेट खेल पाएंगे। साथ ही आईपीएल की विंडो भी अब बढ़ने वाली है और आईपीएल में इतना पैसा है कि कोई भी खिलाड़ी इसे मिस नहीं करना चाहता। भारतीय क्रिकेट में आने वाले वक्त में बहुत सारे बदलाव देखने के लिए मिल सकते हैं।
Latest Cricket News