A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया का बड़ा धमाका, टी20 विश्व कप क्रिकेट से पहले अंग्रेजों को बुरी तरह से पीटा

टीम इंडिया का बड़ा धमाका, टी20 विश्व कप क्रिकेट से पहले अंग्रेजों को बुरी तरह से पीटा

टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले ही मुकाबले में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम को बुरी तरह से पटक दिया है। इसके साथ ही अब सीरीज में उसकी बढ़त हो गई है। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले ये आखिरी सीरीज खेली जा रही है।

Jemimah Rodrigues- India TV Hindi
Image Source : GETTY जेमिमा रोड्रिग्स

टीम इंडिया ने बड़ा धमाका किया है। अब से कुछ ही दिन बाद टी20 विश्व कप होना है और उससे पहले आखिरी सीरीज इस वक्त खेली जा रही है। इसके पहले ही मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने अंग्रेजों को पीट दिया है। भारतीय टीम ने जिन युवा खिलाड़ियों पर पहली बार दांव खेला है, वो भी कामयाब रहा। अभी सीरीज के दो और मैच बाकी है, टीम की कोशिश होगी कि उन्हें भी जीतकर बढ़े हुए मनोबल के साथ आईसीसी टूर्नामेंट में एंट्री की जाए। इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर नहीं खेल रही थी, उनकी जगह स्मृति मंधाना ने टीम की कमान संभाली। 

भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड महिला टीम को पहले टी20 मुकाबले में 38 रन से हराया

महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। इसके पहले मैच में भारत ने 38 रनों से बाजी मार ली है। पहले बैटिंग के लिए उरती भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गवांकर केवल 150 रन ही बना सकी। इस तरह से भारत ने पहला मैच अपने नाम कर लिया। सीरीज का दूसरा मुकाबला 30 मई और तीसरा मैच 2 जून को खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए मैदान में उतरेगी, जहां पहला ही मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाना है। 

स्मृति मंधाना का नहीं खुला खाता, यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स ने खेली लाजवाब पारी

इस मैच में पहले बैटिंग के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हरमनप्रीत कौर की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रही स्मृति मंधाना पहली ही बॉल पर बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा भी 3 बॉल पर 2 रन बनकर चलती बनीं। इसके बाद यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स ने कमान संभाली और एक ​बड़ी साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। भाटिया ने 40 बॉल पर 54 रन की पारी खेली। इसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा। जेमिमा रोड्रिग्स ने केवल 40 बॉल पर 69 रन बना दिए। इसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा। आखिर में आकर दीप्ति शर्मा ने भी 13 बॉल पर 22 रन बना दिए और टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। 

नंदिनी शर्मा ने तीन और क्रांति गौड़ ने दो विकेट लिए

इंग्लैंड की ओर से एमी जोन्स को छोड़कर बाकी कोई बल्लेबाज रन नहीं बना सका। जोन्स ने 48 बॉल पर 67 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे किसी बैटर का साथ नहीं मिला। भारत के लिए नंदिनी शर्मा ने तीन, क्रांति गौड़ ने दो विकेट लिए। इसके अलावा श्रीचारणी और दीप्ति शर्मा को भी एक एक सफलता हाथ लगी। भारत की कोशिश होगी कि दूसरा मैच जीतकर भी सीरीज को अपने नाम किया जाए। 

यह भी पढ़ें 

IND vs ENG: वर्ल्ड कप से ठीक पहले टीम इंडिया से नंदिनी शर्मा को मिला डेब्यू का मौका, स्मृति मंधाना संभाल रही हैं कप्तानी

गुजरात टाइटंस ने वैभव को रोकने के लिए तैयार किया प्लान, कोच ने कहा - हमारी कोशिश उन्हें कोई मौका ना मिले

Latest Cricket News