टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के सामने ही टीम इंडिया ने तोड़ दिया बड़ा रिकॉर्ड, मुंह ताकती रह गई कीवी टीम
Team India Record: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन लाजवाब रहा। इस मैच में भारतीय टीम ने सिर्फ 44 बॉल में 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया।
Team India Record: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में कीवी टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन उनका ये फैसला अभी तक गलत साबित होता हुआ नजर आया है। टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने इस मैच में अभी तक तूफानी अंदाज में बैटिंग की है। भारतीय टीम ने सिर्फ 7.2 ओवर में ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया और न्यूजीलैंड का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
टीम इंडिया ने ध्वस्त किया न्यूजीलैंड का ही रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में किसी टीम द्वारा सबसे तेज 100 रन बनाने का रिकॉर्ड अब भारत के नाम हो गया है। इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा है। कीवी टीम ने इसी वर्ल्ड कप में कोलकाता में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 7.5 ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार किया था। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर इंग्लैंड की टीम का नाम है। इंग्लैंड ने इसी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 8.1 ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार किया था। वहीं उसी मैच में टीम इंडिया ने 8.3 ओवर में 100 रन पूरे किए थे। उनका नाम इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है।
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज ने पहले विकेट के लिए जोड़े 98 रन
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। अभिषेक शर्मा ने इस मैच में सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और इसके साथ ही उन्होंने खराब फॉर्म से भी वापसी कर ली। यह इस वर्ल्ड कप में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे तेज अर्धशतक है। आपको बता दें कि इस मैच से पहले तक अभिषेक रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।
IND vs NZ: फाइनल के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी
यह भी पढ़ें
