1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत ने आखिरी मुकाबला हारकर भी जीत ली सीरीज, इंग्लैंड ने किया अपना तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज

भारत ने आखिरी मुकाबला हारकर भी जीत ली सीरीज, इंग्लैंड ने किया अपना तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में कमाल कर दिया है। T20I सीरीज आखिरी मुकाबला भले ही इंग्लैंड के नाम रहा लेकिन टीम इंडिया ने 3-2 से सीरीज अपने नाम कर ली।

ind vs eng- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भारतीय क्रिकेट टीम

IND-W vs ENG-W: बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए 5वें T20I मुकाबले में टीम इंडिया को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की T20I सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 167 रनों का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, शेफाली की इस पारी पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पानी फेर दिया। 

आखिरी गेंद पर जीता मुकाबला

भारतीय टीम के स्कोर के जवाब में इंग्लैंड ने आखिरी गेंद पर 5 विकेट खोकर 168 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने T20I में अपना तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज किया। इंग्लैंड के लिए सोफिया डंकले और डेनिएल व्याट-हॉज की सलामी जोड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया। सोफिया डंकले ने 46 रनों की पारी खेली जबकि डेनिएल व्याट ने 56 रन बनाए। इसके अलावा इंग्लिश कप्तान टैमी ब्यूमोंट ने 30 रनों का योगदान दिया। भारत के 3 बल्लेबाजों का शिकार करने वाली चार्लोट डीन को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। 

भारतीय टीम ने चौथा मुकाबला अपने नाम करने के साथ ही T20I सीरीज पर कब्जा कर लिया था लेकिन जीत से सीरीज का समापन नहीं कर सकी। इसके बावजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज जीतने में कामयाब रही। 

पहली बार जीती सीरीज

भारत ने 2006 में डर्बी में खेले गए एकमात्र T20 मैच में इंग्लैंड को हराया था। उसके बाद से भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू और विदेशी धरती पर खेली गई T20I सीरीज में कभी जीत नहीं मिली थी। लेकिन, इस बार टीम इंडिया ने पिछली नाकामियों को भुलाते हुए पहली बार T20I सीरीज अपने नाम कर ली। 20 साल की श्री चरणी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। श्री चरणी ने अपनी डेब्यू सीरीज में 5 मैचों में 10 विकेट लेने का कारनामा किया। T20I सीरीज जीतने के बाद अब टीम इंडिया मेजबान इंग्लैंड का 3 मैचों की वनडे सीरीज में सामना करेगी, जिसका आगाज 16 जुलाई से होगा। 

Latest Cricket News