Team India Victory Parade at Mumbai: भारतीय क्रिकेट टीम भारत आ चुकी है। दिल्ली के बाद आज ही शाम को पूरी टीम इंडिया मुंबई पहुंच जाएगी, जहां जश्न और भी परवान चढ़ेगा। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने करीब 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। इसलिए रोमांच अपने चरम पर है। 29 जून से ही भारतीय फैंस टीम के वापस लौटने का इंतजार कर रहे थे, जो अब पूरा हो गया है। दिल्ली से टीम इंडिया मुंंबई जा रही है। जहां पर एक विक्ट्री परेड निकाली जाएगी। इसके लिए स्पेशल बस तैयार की गई थी। इतना ही नहीं, आप भी टीम इंडिया के जीत के जश्न में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से खास इंतजाम किए गए हैं। आपको फ्री में एंट्री मिलेगी, लेकिन इसके लिए समय का ध्यान रखना होगा।
मुंबई में शाम को 5 बजे से निकली विक्ट्री परेड
भारतीय टीम की विक्ट्री परेड शाम को 5 बजे से शुरू होगी। इसके लिए खास तैयारी की गई है, जो अब आखिरी रूप ले चुकी हैं। बताया जाता है कि एनसीपीए से वानखेड़े स्टेडियम तक विक्ट्री परेड निकाली जाएगी। जिसकी दूरी करीब डेढ़ से दो किलोमीटर की है। लेकिन इसे आप इतनी दूरी समझ कर निराश ना हों कि ये दूरी जल्द खत्म हो जाएगी। ये यात्रा धीरे धीरे चलेगी, जैसे भारत में बारात निकलती है। इसलिए इसमें काफी वक्त लगेगा, हो सकता है कि एक से डेढ़ घंटे का वक्त लग जाए। इसलिए आप इसे आराम से देख सकते हैं।
वानखेड़े स्टेडियम में होगी फ्री एंट्री, 6 बजे से पहले पहुंचना जरूरी
इस बीच खबर ये भी है कि वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले जश्न के लिए कोई टिकट नहीं लगेगी। यानी आप फ्री में इस पूरे कार्यक्रम का आनंद ले पाएंगे। इसका ऐलान मुंंबई क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कर दिया गया है। आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि शाम 6 बजे से पहले स्टेडियम में आपकी एंट्री हो जानी चाहिए। इसके बाद दरवाजे बंद कर दिए जाएंगे और फिर प्रवेश नहीं होगा। वानखेड़े स्टेडियम की क्षमता करीब 50 हजार दर्शकों की है। इस बात की पूरी संभावना है कि कार्यक्रम के दौरान ये स्टेडियम खचाखच भरा रहेगा। हो सकता है कि क्षमता से ज्यादा दर्शक भी वहां पहुंच जाएं, ऐसे में आप समय से पहुंच जाएं, ताकि जगह मिल जाए।
दिल्ली से लेकर मुंबई तक जश्न का माहौल
आज सुबह करीब 6 बजे जब टीम इंडिया दिल्ली पहुंची तो उसी के बाद से पूरे देश में जश्न का माहौल बना हुआ है। एयरपोर्ट पर इतनी भीड़ जमा हो गई, जिसे संभालना भी काफी मुश्किल काम था। दिल्ली पुलिस की ओर से हालांकि पहले ही ट्रेफिक एडवाइजरी जारी कर दी गई थी, ताकि आमजन को कोई दिक्कत ना हो, लेकिन इसके बाद भी फैंस पर काबू करना मुश्किल काम था। दिल्ली और एनसीआर से ही नहीं, जैसे ही लोगों को भारतीय टीम के आने खबर मिली, दूर दूर से फैंस अपने स्टार खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए बेताब दिखे। कुछ को टीम देखने का मौका मिला तो कुछ पीछे रह गए। दिल्ली के बाद अब मुंबई में जश्न की तैयारी है।
यह भी पढ़ें
Team India Victory Parade: स्पेशल बस की खास तस्वीर और वीडियो आई सामने, नजर आ रहे टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाते खिलाड़ी
VIDEO: फ्लाइट के अंदर मस्ती करते दिखे टीम इंडिया के खिलाड़ी, रोहित शर्मा का नजर आया खास अंदाज
Latest Cricket News