India vs England: भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का दूसरा मुकाबला अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज भी अब बराबरी पर आ गई है। सीरीज का तीसरा मुकाबला काफी अहम होगा, जो लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। इस बीच टीम इंडिया की जीत से एक खिलाड़ी को संजीवनी मिलती हुई दिख रही है। जिसने इस मैच में किया तो कुछ भी नहीं, लेकिन उसकी नाकामी जीत के बीच छिप जाएगी। हो सकता है कि उसे एक और मैच खेलने का मौका मिल जाए। हालांकि देखना होगा कि कप्तान शुभमन गिल क्या फैसला करते हैं। हम बात कर रहे हैं करुण नायर की।
करुण नायर लगातार दूसरे टेस्ट में भी रहे नाकाम
करुण नायर की वापसी भारतीय टीम ने करीब आठ साल बाद हुई है। इसी इंग्लैंड की टीम के खिलाफ जब करुण नायर ने तिहरा शतक लगाया था, तब वे अचानक छा गए थे। इसके बाद उन्हें कुछ और मैच मिले, लेकिन जो कारनामा उन्हें पहले किया, वो दोहराया नहीं जा सका। इसके बाद उनकी टीम से छुट्टी हो गई। हालांकि वे डोमेस्टिक क्रिकेट में रन बनाते रहे। पिछले करीब दो साल से तो करुण नायर ने ऐसी ऐसी लंबी पारियां खेलीं कि जिसने भी देखा दंग रह गया। शायद यही वजह रही कि उन्हें करीब आठ साल बाद भारतीय टीम में जगह मिल गई। कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें पहले मैच की प्लेइंग इलेवन में भी मौका दिया, लेकिन अब तक चार पारियों के बाद भी करुण नायर कुछ कर नहीं पाए हैं।
चार पारियों में बनाए केवल 77 ही रन
लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में जब करुण नायर बल्लेबाजी के लिए आए तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए और शून्य पर आउट हो कर चले गए। इसके बाद उसी मैच की दूसरी पारी में उन्होंने 20 रन की एक छोटी सी पारी खेली। इसके बाद आया दूसरा मुकाबला जो बर्मिंघम में खेला गया। इम मैच की पहली पारी में करुण नायर ने 31 रन बनाए और दूसरी पारी में 26 रन की पारी खेली। यानी अब तक चार पारियों में करुण नायर के बल्ले से केवल 77 रन आए हैं।
करुण को मिल सकता है एक और मौका
इंग्लैंड की फ्लैट पिचों पर जब भारतीय खिलाड़ी बैक टू बैक शतक और दोहरे शतक तक लगा पा रहे हैं, उसमें करुण नायर का अर्धशतक भी ना बना पाना, उनके लिए मुश्किलें खड़ी रहा है। वो तो अच्छी बात ये रही कि टीम इंडिया मैच जीत गई, नहीं तो करुण के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती थीं। अब भारत ने सीरीज बराबर कर ली है, ऐसे में हो सकता है कि करुण नायर को एक और मौका मिल जाए। लेकिन अगर इस बार भी नायर का बल्ला नहीं चला तो फिर चौथा मुकाबला खेलना मुश्किल हो जाएगा। क्योंकि कई और बल्लेबाज बाहर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
Latest Cricket News