1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. द हंड्रेड में उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर मचा बवाल, टिम डेविड ने अंपायर से जताई नाराजगी; देखें VIDEO

द हंड्रेड में उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर मचा बवाल, टिम डेविड ने अंपायर से जताई नाराजगी; देखें VIDEO

पाकिस्तानी टीम के स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक एकबार फिर से अपने गेंदबाजी एक्शन को लेकर चर्चा में आ गए हैं, जिसमें द हंड्रेड में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टिम डेविड ने उनकी गेंद पर आउट होने के बाद नाराजगी जताते हुए अंपायर से बहस भी की।

Usman Tariq- India TV Hindi
Image Source : AP उस्मान तारिक

इंग्लैंड में खेली जा रही द हंड्रेड के टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम के स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक बर्मिंघम फीनिक्स टीम की तरफ से खेल रहे हैं, जिसमें 24 जुलाई को ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ मुकाबले में उनके बॉलिंग एक्शन को लेकर एकबार फिर से बवाल मच गया। उस्मान तारिक ने जब से इंटरनेशनल लेवल और विदेशी लीग्स में खेलने की शुरुआत की है उसके बाद से उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं और द हंड्रेड में भी ये कोई पहला मामला नहीं है। इस बार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टिम डेविड जो ट्रेंट रॉकेट्स की तरफ से खेल रहे हैं उन्होंने आउट होने के बाद फील्ड अंपायर से जहां उस्मान के एक्शन को लेकर नाराजगी जताई तो वहीं बहस भी की।

टिम डेविड ने अंपायर से नो-बॉल देने की कही बात

द हंड्रेड में ट्रेंट रॉकेट्स की टीम को बर्मिंघम फीनिक्स के खिलाफ मुकाबले में 100 गेंदों में 215 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए उन्होंने 54 गेंदों में 111 रन बना लिए थे। पारी की 55वीं गेंद जो उस्मान तारिक ने फेंकी उसका सामना कर रहे टिम डेविड ने कट शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेने के बाद विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई। टिम डेविड ने आउट होने के तुरंत बाद उन्होंने स्ट्राइकर एंड पर मौजूद अंपायर से बातचीत की और इशारों में बताया कि यह गेंद नो-बॉल होनी चाहिए थी, लेकिन अंपायर के ऐसा कोई इशारा नहीं करने के बाद उन्हें पवेलियन की तरफ जाना पड़ा। इस मैच में ट्रेंट रॉकेट्स की टीम को बाद में 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें वह 100 गेंदों में 204 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी थी।

उस्मान के एक्शन पर पहले भी उठे हैं सवाल

पाकिस्तानी ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक इससे पहले भी गेंदबाजी एक्शन को लेकर सवालों का सामना कर चुके हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस साल की शुरुआत में हुई टी20 सीरीज में कैमरून ग्रीन ने उस्मान के एक्शन को लेकर काफी नाराजगी जताई थी। वहीं इन सवालों के बाद आईसीसी की तरफ से उस्मान के एक्शन की जांच भी की जा चुकी है जिसमें उसे वैध माना गया है। हालांकि इसके बावजूद वह लगातार अपने अजीबोगरीब एक्शन के चलते सवालों के घेरे में बने रहते हैं।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी को किस चीज पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की दी जा रही सलाह, ईशान किशन ने किया खुलासा

टीम इंडिया ने ICC टी20 टीम रैंकिंग में हासिल की फिर नंबर-1 की पोजीशन, 15 दिनों में पलट दिया पूरा खेल

Latest Cricket News