इंग्लैंड के क्रिकेट कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के साथ नाइटक्लब में हुए विवाद के कारण चर्चा में आए रग्बी खिलाड़ी टोटोआ औवावा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। इंग्लैंड के रग्बी क्लब सराकेंस ने एक अन्य घटना के बाद औवावा को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। क्लब ने साफ किया कि उनका व्यवहार टीम से जुड़े खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों के लिए तय मानकों के अनुरूप नहीं था।
औवावा इस साल जून में लंदन के चेल्सी इलाके में स्थित रेक्स रूम्स नाइटक्लब में हुए विवाद के बाद सुर्खियों में आए थे। उस समय इंग्लैंड के क्रिकेटर बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन भी वहां मौजूद थे। रिपोर्टों के मुताबिक, औवावा ने एटकिंसन पर मुक्का चलाने की कोशिश की, लेकिन वह उन्हें नहीं लगा और पास खड़े इंग्लैंड के सुरक्षा कर्मचारी को लग गया। इस घटना में सुरक्षा कर्मचारी को चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ी थी।
स्टोक्स और एटकिंसन को मैच से होना पड़ा था बाहर
इस विवाद का असर इंग्लैंड क्रिकेट टीम पर भी पड़ा। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB ने मामले की जांच के दौरान स्टोक्स और एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले से बाहर कर दिया था। दोनों खिलाड़ी पहले टेस्ट में इंग्लैंड की जीत के बाद जश्न मनाने के लिए नाइटक्लब पहुंचे थे, लेकिन वहां टीम के लिए तय आधी रात के कर्फ्यू का उल्लंघन भी हुआ था।
हालांकि, ECB की जांच में दोनों खिलाड़ियों को नाइटक्लब में हुई हिंसक घटना के लिए जिम्मेदार नहीं माना गया। बोर्ड ने कहा कि स्टोक्स का झगड़े में कोई हाथ नहीं था और उन्होंने दोनों घटनाओं को होते हुए भी नहीं देखा था। वहीं, उपलब्ध सबूतों के मुताबिक एटकिंसन पर बिना उकसावे के हमला किया गया था और उन्होंने जवाबी कार्रवाई नहीं की थी। बोर्ड ने यह भी माना कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने अनुबंध से जुड़ी कुछ शर्तों का उल्लंघन किया था। इसके लिए उन्हें लिखित चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
उस समय सराकेंस ने औवावा का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया था। क्लब के इंग्लैंड के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और औवावा के साथी जेमी जॉर्ज ने भी उस घटना के बाद उनके बचाव में टिप्पणी की थी। लेकिन अब क्लब ने एक अलग मामले में जांच के बाद उनके साथ संबंध खत्म करने का फैसला किया है।
औवावा पर लगा मुक्का मारने का आरोप
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, औवावा पर इस सप्ताहांत सेंट एल्बंस में एक व्यक्ति को मुक्का मारने का आरोप लगा था। इसके बाद सराकेंस ने अपने एक अकादमी खिलाड़ी के खिलाफ आंतरिक जांच शुरू की। सोमवार को क्लब ने पुष्टि कर दी कि 21 वर्षीय औवावा अब टीम का हिस्सा नहीं हैं। सराकेंस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि सराकेंस पुष्टि करता है कि सीनियर मेन्स अकादमी के सदस्य टोटोआ औवावा तत्काल प्रभाव से क्लब छोड़ चुके हैं। इस सप्ताहांत हुई एक घटना के बाद क्लब ने तय किया है कि उनका आचरण उन मानकों से कम है, जिनका पालन सराकेंस का प्रतिनिधित्व करने वाले हर व्यक्ति से मैदान के अंदर और बाहर अपेक्षित है।
यह भी पढ़ें:
साउथ अफ्रीका इतिहास रचने से 319 रन दूर, क्या तोड़ पाएगी टेस्ट क्रिकेट का वर्ल्ड रिकॉर्ड?
विराट कोहली के खास क्लब में शामिल हुए अफगानिस्तान के रहमत शाह, कप्तानी डेब्यू पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
Latest Cricket News