वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहीद हृदोय ने बल्ले से कमाल कर दिया। पहली पारी में टीम मुश्किल में थी और ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश को बड़ी बढ़त गंवानी पड़ेगी, लेकिन हृदोय ने अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि न सिर्फ टीम को संकट से बाहर निकाला, बल्कि ऐतिहासिक दोहरा शतक भी जड़ दिया। इस दौरान उन्होंने मुशफिकुर रहीम का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
हृदोय ने 7 नवंबर को अपने टेस्ट करियर का पहला शतक दोहरे शतक में तब्दील किया। वह 359 गेंदों पर 242 रन बनाकर नाबाद लौटे। अपनी इस यादगार पारी में उन्होंने 22 चौके और 11 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत बांग्लादेश ने पहली पारी में 386 रन बनाए और वेस्टइंडीज के पहली पारी के 356 रन के जवाब में 30 रन की बढ़त हासिल कर ली।
तौहीद हृदोय के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड
इस दोहरे शतक के साथ हृदोय बांग्लादेश की ओर से टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले मुशफिकुर रहीम, शाकिब अल हसन और तमीम इकबाल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने मुशफिकुर रहीम के 219 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
हृदोय ने उस समय पारी को संभाला, जब बांग्लादेश की टीम मुश्किल में थी। तीसरे दिन का खेल शुरू होने पर बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 88 रन था। हृदोय और अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम की पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 73 रन की साझेदारी हुई, लेकिन जोमेल वॉरिकन ने मुशफिकुर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।
इसके बाद वॉरिकन और कप्तान रोस्टन चेज ने मिलकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और उसका स्कोर सात विकेट पर 184 रन हो गया। यहां से बांग्लादेश के लिए बड़ी बढ़त हासिल करना भी मुश्किल नजर आने लगा था। ऐसे मुश्किल वक्त में हृदोय को तैजुल इस्लाम का साथ मिला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 117 रन जोड़कर बांग्लादेश की वापसी कराई। हृदोय ने 171 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया।इसके बाद उन्होंने अपना अंदाज बदला और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला।
तौहीद हृदोय के बल्ले से निकले 11 छक्के
उनके बल्ले से निकले 11 छक्के किसी भी बांग्लादेशी बल्लेबाज द्वारा एक टेस्ट पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। वहीं, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह एक पारी में दूसरा सबसे बड़ा छक्कों का आंकड़ा है। उनके 11 छक्कों में से 10 शतक पूरा करने के बाद आए।तैजुल इस्लाम 22 रन बनाकर वॉरिकन का शिकार बने, लेकिन हृदोय ने अपना आक्रमण जारी रखा। उन्होंने तस्कीन अहमद के साथ नौवें विकेट के लिए 85 रन की अहम साझेदारी की और टीम को पहली पारी में बढ़त दिला दी। हृदोय ने 304 गेंदों में अपना ऐतिहासिक दोहरा शतक पूरा किया। वॉरिकन ने 104 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि जेडन सील्स ने तस्कीन अहमद को आउट कर बांग्लादेश की पारी समाप्त की।
यह भी पढ़ें:
रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, दूसरे वनडे में दो छक्के लगाकर शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को किया चकनाचूर
मोहम्मद शमी के रिटायरमेंट पर आया BCCI का बड़ा बयान, खास अंदाज में दी विदाई
Latest Cricket News