एशिया कप अगले महीने यानी सितंबर में खेला जाएगा। पहला मैच 9 सितंबर को है। इस बीच टीम इंडिया जहां आराम कर रही है, वहीं पाकिस्तानी टीम जल्द ही अपनी तैयारियों के लिए उतरने जा रही है। एशिया कप में पाकिस्तानी टीम अपना पहला मैच 12 सितंबर को खेलेगी, लेकिन इससे पहले एक और सीरीज खेलेगी, जिसमें दो और टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें तीनों वही टीमें हैं, जो एशिया कप भी खेलती हुई नजर आएंगी।
शारजाह में खेली जाएगी तीन देशों के बीच सीरीज
एशिया कप के मैच दुबई और आबुधाबी में खेले जाएंगे, लेकिन इससे पहले शारजाह में भी टी20 क्रिकेट का रोमांच देखने के लिए मिलेगा। दरअसल पाकिस्तान, अफगानिस्तान और यूएई के बीच टी20 सीरीज खेली जाएगी। इसका आगाज 29 अगस्त से होने जा रहा है। पहले ही दिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान की टीमें आमने सामने होंगी। इसके अगले ही दिन यानी 30 अगस्त को फिर से पाकिस्तानी टीम यूएई से खेलती हुई नजर आएगी।
सात सितंबर को होगा फाइनल, इसके बाद शुरू हो जाएगा एशिया कप
सभी तीनों टीमें एक दूसरे से दो दो मैच खेलेगी, इसके बाद अंक तालिका में जो टॉप की दो टीमें होंगी, उनके बीच फाइनल खेला जाएगा। एशिया कप के आगाज से ठीक दो दिन पहले यानी सात सितंबर को इसका समापन हो जाएगा। माना जा रहा है कि सभी टीमें अपनी उन्हीं खिलाड़ियों को मैदान में उतरेगी, जिन्हें वे एशिया कप में मौका देने जा रही हैं। इससे उन्हें तैयारी का मौका मिल जाएगा।
बांग्लादेश की टीम भी खेलेगी टी20 सीरीज
एशिया कप में इन तीन के अलावा जो आठ और टीमें हिस्सा ले रही हैं, उसमें बांग्लादेश की टीम नीदरलैंड्स के साथ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलने जा रही है, जिसका आगाज 30 अगस्त से होगा और 3 सितंबर को आखिरी मैच खेला जाएगा। यानी बड़ी टीमों में भारत को छोड़कर बाकी टीमें कहीं ना कहीं खेलती हुई नजर आएंगी। लेकिन टीम इंडिया सीधे एशिया कप में ही उतरेगी। बड़ी बात ये भी है कि एशिया कप से पहले टीम इंडिया का कहीं कोई कैंप लगेगा कि नहीं, इसको लेकर भी कुछ स्पष्ट नहीं है। देखना तो ये दिलचस्प होगा कि जो टीमें लगातार खेलकर एशिया कप के लिए मैदान में उतरेंगी, वो फायदे में रहेंगी या फिर जो टीमें आराम कर सीधे मैदान में उतरेंगी, वो फायदे में रहेंगी।
Latest Cricket News