IND vs ENG: U19 वर्ल्ड कप में अब तक टीम इंडिया का दिखा है दबदबा, इतनी बार कर चुकी है ट्रॉफी पर कब्जा
IND vs ENG U19: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच में हरारे के मैदान पर खेला जाएगा। टीम इंडिया अभी तक टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही है।

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों का इस मेगा टूर्नामेंट में फाइनल तक का सफर देखा जाए तो वह अजेय रहा है, जिसमें अब खिताबी मैच में कड़ी टक्कर होने की उम्मीद की जा रही है। वहीं ये अंडर-19 वर्ल्ड कप का 16वां एडिशन खेला जा रहा है, जिसमें इससे पहले के 15 संस्करण में सबसे ज्यादा बार ट्ऱॉफी पर कब्जा करने में भारतीय टीम आगे रही है, ऐसे में फाइनल मैच से पहले इंग्लैंड की टीम पर ये मानसिक दबाव बनाकर रखने वाला है।
भारतीय टीम 5 बार जीत चुकी है ट्रॉफी
अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में अभी तक हुए 15 संस्करण में से भारतीय टीम 5 बार खिताब को अपने नाम करने में कामयाब रही है। टीम इंडिया ने पहली बार ट्रॉफी जहां साल 1999-2000 में किया था। वहीं इसके बाद दूसरी बार साल 2007-08, तीसरी बार साल 2012, चौथी बार साल 2017-18 और पांचवीं बार ट्रॉफी पर कब्जा साल 2021 में किया था। ऐसे में अब टीम इंडिया की नजरें छठी बार ट्रॉफी पर कब्जा करने पर रहने वाली हैं। भारतीय टीम का अभी तक अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के संस्करण में ग्रुप स्टेज से लेकर सुपर सिक्स और सेमीफाइनल मुकाबले में काफी बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में ना सिर्फ जीत हासिल की बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड रन चेज भी करने के साथ नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया।
इंग्लैंड ने सिर्फ जीता एकबार खिताब
अभी तक इंग्लैंड अंडर-19 टीम वर्ल्ड कप का खिताब सिर्फ एक बार ही अपने नाम करने में कामयाब हो सकी है, जिसमें उन्होंने साल 1997-98 में इस ट्रॉफी पर कब्जा किया था। इसके बाद से अब तक इंग्लैंड की टीम ट्रॉफी जीतने में कामयाब नहीं हो सकी है। इंग्लैंड की टीम इसके बाद सीधे साल 2022 में पिछली बार फाइनल मुकाबले में पहुंची थी, जिसमें उनका सामना भारतीय टीम से ही हुआ था और उन्हें इस मैच में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार ट्रॉफी पर किया है कब्जा
भारतीय टीम के बाद आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने में ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरे नंबर पर है, जिसमें उन्होंने खिताब को 4 बार अपने नाम किया है। इस बार कंगारू टीम का सफर सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से मिली हार के साथ खत्म हो गया। वहीं तीसरे नंबर पर पाकिस्तान की टीम है जिन्होंने 2 बार अंडर-19 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती है। साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश की अंडर-19 टीमें एक-एक बार इस ट्रॉफी को अब तक कब्जा करने में कामयाब हो सकी है।
ये भी पढ़ें
मुस्तफिजुर रहमान को लेकर आई बड़ी खबर, पाकिस्तानी टीम ने 6.44 करोड़ में खरीदा
IND vs ENG: कब खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड U19 World Cup Final, मैच शुरू होने का वक्त नोट कीजिए