UAE vs NZ T20 World Cup Cricket Score: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 11वां मैच यूएई और न्यूजीलैंड के बीच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से हराकर इस वर्ल्ड कप की दूसरी जीत दर्ज की। कीवी टीम ने 174 रनों के टारगेट को 15.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल किया। इस मैच में यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए यूएई की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप में यह यूएई की टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं यह T20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी एसोसिएट टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले ये रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के नाम था।
यूएई के दो बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी यूएई की शुरुआत खराब रही थी। सलामी बल्लेबाज आर्यांश शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। उस वक्त टीम का स्कोर सिर्फ 12 रन था। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान मुहम्मद वसीम और आलीशान शराफू के बीच 107 रन की साझेदारी हुई। शराफू ने 47 बॉल पर 55 रन बनाए। वहीं मुहम्मद वसीम अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 45 बॉल पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 66 रन बनाए। वहीं मयंक कुमार ने 13 बॉल पर 21 रन का योगदान दिया। इसके अलावा यूएई के बाकी के बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। न्यूजीलैंड की तरफ से मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
न्यूजीलैंड ने बिना कोई विकेट गंवाए जीता मुकाबला
174 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरे कीवी टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन और टिम सीफर्ट शुरुआत से ही शानदार लय में दिखे। इस मुकाबले में यूएई के गेंदबाज एक बार भी कीवी टीम के बल्लेबाज को परेशान नहीं कर पाए। दोनों कीवी बल्लेबाजों ने 15.2 ओवर में टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया। फिन एलन इस मैच में 50 बॉल पर 5 चौके और इतने ही छक्के की मदद से 84 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं टिम सीफर्ट ने 42 बॉल पर 12 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 89 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 175 रन की साझेदारी हुई। इस जीत के बाद अब न्यूजीलैंड के खाते में चार अंक हो गए हैं।
UAE vs NZ मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
UAE (प्लेइंग XI): आर्यांश शर्मा (विकेटकीपर), मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, मयंक कुमार, सोहैब खान, हर्षित कौशिक, मुहम्मद अरफान, ध्रुव पाराशर, हैदर अली, जुनैद सिद्दीकी, मुहम्मद रोहिद खान
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी
Latest Cricket News