USA vs NED T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए में यूएसए और नीदरलैंड्स की टीम के बीच में चेन्नई के एमए. चिदंबरम स्टेडियम में मुकाबला खेला गया जिसमें यूएसए की टीम 93 रनों से मुकाबला जीतने में कामयाब रही। इस मैच में नीदरलैंड्स टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने टॉस जीतने के बाद ओस को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। यूएसए की तरफ से बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रनों का स्कोर बनाया है। यूएसए की तरफ से सैतेजा मुक्कमल्ला का बल्लेबाजी में कमाल देखने को मिला जिन्होंने 51 गेंदों में 79 रनों की पारी खेलने के साथ टीम को यहां पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं इसके अलावा शुभम रंजने ने भी 24 गेंदों में 48 रनों की पारी खेली। वहीं नीदरलैंड्स टीम की तरफ से गेंदबाजी में बास डी लीडे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए।
टारगेट का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स टीम की शुरुआत ही काफी खराब देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 66 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था। वहीं इस मैच में नीदरलैंड्स की टीम 15.5 ओवर्स में सिर्फ 103 रन बनाकर सिमट गई, जिसमें उनकी तरफ से सबसे ज्यादा रनों की पारी बास डी लीडे के बल्ले से देखने को मिली जिन्होंने 23 रन बनाए। वहीं यूएसए की तरफ से इस मुकाबले में गेंदबाजी में कमाल हरमीत सिंह ने दिखाया जो 4 विकेट लेने में कामयाब रहे। इसके अलावा शैडली वैन शल्कविक ने तीन तो वहीं मोहम्मद मोहसिन 2 विकेट लेने में कामयाब रहे। यूएसए की टीम इस जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में 2 अंकों के साथ ग्रुप-ए में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं अब उन्हें ग्रुप स्टेज में अपना चौथा मुकाबला 15 फरवरी को नामीबिया की टीम के खिलाफ खेलना है।
यूएसए बनाम नीदरलैंड्स मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
यूएसए - मोनांक पटेल (विकेटकीपर), शायन जहांगीर, सैतेजा मुक्कमल्ला, मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, नोस्तुश केंजीगे, अली खान।
नीदरलैंड्स - माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर), जैक लायन-कैशेट, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, रोएलोफ वैन डेर मर्व, काइल क्लेन, फ्रेड क्लासेन।
Latest Cricket News